पांचवीं रेल लाइन के निर्माण के चलते लिया जाएगा ट्रैफिक ब्लॉक, छत्तीसगढ़ समेत 5 राज्यों के यात्रियों पर पड़ेगा असर
बिलासपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल में पांचवीं रेल लाइन की कमीशनिंग के चलते छत्तीसगढ़ से होकर गुजरने वाली 18 एक्सप्रेस ट्रेनों को अलग-अलग तारीखों में रद्द किया गया है। ये ट्रेनें 25 सितंबर से 14 अक्टूबर 2026 तक प्रभावित रहेंगी। इसके अलावा उत्कल एक्सप्रेस का संचालन कुछ तारीखों में बदले हुए मार्ग से किया जाएगा, जबकि गीतांजलि एक्सप्रेस भी निर्धारित समय से देरी से रवाना होगी।

रेलवे के इस फैसले का सीधा असर छत्तीसगढ़ के अलावा झारखंड, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल और बिहार की यात्रा करने वाले यात्रियों पर पड़ेगा। यात्रियों को यात्रा से पहले अपनी ट्रेन का स्टेटस जरूर जांचने की सलाह दी गई है। रेलवे प्रशासन के अनुसार दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल में बंडामुंडा केबिन-ए से राउरकेला सेक्शन के बीच पांचवीं रेल लाइन की कमीशनिंग का काम किया जाएगा। इसके लिए अलग-अलग चरणों में नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य और ट्रैफिक ब्लॉक लिया जाएगा। इस निर्माण कार्य के चलते दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे से होकर चलने वाली कई ट्रेनों के परिचालन में बदलाव किया गया है।
गीतांजलि एक्सप्रेस भी होगी प्रभावित
12860 हावड़ा-CSMT गीतांजलि एक्सप्रेस 13 अक्टूबर को अपने निर्धारित समय से करीब 2 घंटे की देरी से हावड़ा से रवाना होगी। वहीं उत्कल एक्सप्रेस का संचालन कुछ तारीखों में परिवर्तित मार्ग से किया जाएगा। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन के रद्द होने, मार्ग परिवर्तन या समय में बदलाव की जानकारी जरूर जांच लें।
रथयात्रा पर यात्रियों को राहत, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे चला रहा टीओडी विशेष ट्रेनें

