सूरजपुर में बारिश का कहर : सड़कें बहीं, कच्चे मकान ढहे, जनजीवन बेहाल

      Date:

      रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। छत्तीसगढ़ में मानसून लगातार सक्रिय बना हुआ है। पिछले 24 घंटे में उत्तरी और मध्य छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में बारिश हुई। सरगुजा, बिलासपुर और दुर्ग संभाग के कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का अलर्ट जारी किया है।

          मानसून

          सूरजपुर जिले के दूरस्थ चांदनी-बिहारपुर क्षेत्र में पिछले दो दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। कई जगह सड़कें तेज पानी के बहाव में बह गईं, जबकि कच्चे मकान भी धराशायी हो गए। कांतीपुर गांव में सड़क पर बनी पाइप पुलिया तेज बहाव में बह गई, जिससे आवागमन बाधित हो गया है। वहीं खैरा और कांतीपुर में कई कच्चे मकान गिरने की जानकारी सामने आई है। वहीं रसोकी गांव से गुजरने वाली बरगा नदी भी तेज बारिश के कारण उफान पर है। नदी का जलस्तर बढऩे से आसपास के कई गांवों का सड़क संपर्क प्रभावित हुआ है। प्रशासन ने ग्रामीणों से उफनते नदी-नालों को पार नहीं करने और तेज बहाव वाले रास्तों से दूर रहने की अपील की है। राजधानी रायपुर में आज आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। शहर में एक-दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। रायपुर में अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

          कोरबा में 17 सेमी बारिश

          प्रदेश में सबसे ज्यादा बारिश कोरबा में 17 सेमी दर्ज की गई। इसके अलावा कोटाडोल और बिहारपुर में 10-10 सेमी, अजगरबहार में 9 सेमी, डौंडीलोहारा में 7 सेमी तथा ओडगी, रायपुर शहर, छाल और कापू में 6-6 सेमी बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश के साथ गरज-चमक और वज्रपात की स्थिति भी बन सकती है। ऐसे में लोगों को मौसम को देखते हुए सतर्क रहने और नदी-नालों के तेज बहाव से दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है।

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related