ऑपरेशन थिएटर में डिलीवरी के दौरान लोकगायिका ने गाया भरथरी गीत ‘पहली सुमिरन गणेश ल’, स्वस्थ बेटे को दिया जन्म

      Date:

      बालोद (AkhandBharatHNKP.Com)। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले की लोकगायिका हेमलता पटेल अपने एक वीडियो को लेकर चर्चा में हैं। सीजेरियन डिलीवरी के दौरान ऑपरेशन थिएटर में भी उन्होंने अपनी कला का साथ नहीं छोड़ा और डॉक्टरों के सामने भरथरी गीत गाया। उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हेमलता ने ऑपरेशन के दौरान ‘पहली मैं सुमिरन गणेश ल, विघ्न-बाधा के हरइया हे…’ पंक्तियां गाईं। इन पंक्तियों में भगवान गणेश का स्मरण करते हुए उनसे सभी बाधाएं दूर करने की प्रार्थना की गई है।

          लोकगायिका हेमलता पटेल

          गुंडरदेही ब्लॉक की रहने वाली हेमलता पटेल भरथरी और पंडवानी गायिका के रूप में अपनी पहचान बना चुकी हैं। सोमवार 17 अगस्त को डिलीवरी के लिए उन्हें ग्राम सिवनी स्थित उम्मीद हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। जांच के बाद डॉक्टरों ने सीजेरियन डिलीवरी कराने का निर्णय लिया। ऑपरेशन से पहले एनेस्थीसिया दिए जाने के बाद डॉक्टर प्रदीप साहू और उनकी टीम प्रक्रिया में जुट गई। इसी दौरान हेमलता ने मुस्कुराते हुए भरथरी गीत गाना शुरू कर दिया। देखते ही देखते उनकी आवाज पूरे ऑपरेशन थिएटर में गूंजने लगी। ऑपरेशन करने वाले डॉक्टर प्रदीप साहू ने बताया कि ऑपरेशन थिएटर में ऐसे मौके बहुत कम आते हैं, जब कोई मरीज तनाव और डर के माहौल को अपनी कला से खुशनुमा बना दे। हेमलता ने जिस सहजता और सकारात्मक सोच के साथ गीत गाया, वह मेडिकल टीम के लिए भी खास अनुभव रहा।

          सफल रहा ऑपरेशन, मां-बेटा दोनों स्वस्थ

          सोमवार रात करीब 11 बजे सीजेरियन डिलीवरी के जरिए हेमलता ने एक बेटे को जन्म दिया। ऑपरेशन सफल रहा और फिलहाल मां और बच्चा दोनों स्वस्थ बताए जा रहे हैं। डिलीवरी के दौरान लोकगीत गाने का यह अनोखा पल अस्पताल के मेडिकल स्टाफ के लिए भी यादगार बन गया। हेमलता पटेल क्षेत्र में भरथरी और पंडवानी गायिका के रूप में जानी जाती हैं। पिछले करीब दो वर्षों से वह सार्वजनिक मंचों पर भी लोकगीतों की प्रस्तुति दे रही हैं। सोशल मीडिया पर उनके लोकगीतों के वीडियो भी लोगों के बीच लोकप्रिय हैं। ऑपरेशन थिएटर में भरथरी गीत गाने का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग हेमलता के आत्मविश्वास और लोककला के प्रति उनके लगाव की तारीफ कर रहे हैं।

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related