मुख्य सचिव विकासशील ने सुरक्षा और प्रोटोकॉल को लेकर दिए निर्देश
रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। भारत के उपराष्ट्रपति सी.पी.राधाकृष्णन 2 सितंबर को छत्तीसगढ़ के दौरे पर आएंगे। वे रायपुर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे। उपराष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे को लेकर राज्य सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में बुधवार को मंत्रालय महानदी भवन में राज्य स्तरीय अधिकारियों की बैठक हुई। इसमें उपराष्ट्रपति के प्रवास के दौरान सुरक्षा, प्रोटोकॉल, यातायात, चिकित्सा, स्वागत और कार्यक्रम स्थल की व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उपराष्ट्रपति के पूरे प्रवास के दौरान सभी व्यवस्थाएं निर्धारित प्रोटोकॉल और मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम के अनुसार सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थल तक और वापसी के दौरान प्रवेश एवं निकासी की व्यवस्था को बेहतर समन्वय के साथ अंतिम रूप देने के निर्देश दिए। एयरपोर्ट पर स्वागत व्यवस्था, रिसेप्शन लाइन और एम्स में स्वागत सहित अन्य प्रोटोकॉल संबंधी व्यवस्थाओं के लिए रायपुर कलेक्टर को आवश्यक निर्देश दिए गए। बैठक में गृह एवं जेल विभाग की प्रमुख सचिव निहारिका बारिक, सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव अविनाश चंपावत, मुख्यमंत्री के सचिव मुकेश कुमार बंसल, रायपुर संभाग आयुक्त श्याम धावड़े, सुशासन एवं अभिसरण विभाग के संयुक्त सचिव मयंक अग्रवाल, सामान्य प्रशासन विभाग की उप सचिव अंशिका पांडेय, रायपुर कलेक्टर, आईजी रायपुर, एम्स रायपुर के चिकित्सा अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर
मुख्य सचिव ने गृह विभाग को उपराष्ट्रपति की सुरक्षा के लिए आवश्यक सभी इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। एयरपोर्ट और कार्यक्रम स्थल पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के साथ सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने को कहा गया। इसके अलावा ठहरने की व्यवस्था, प्रकाश एवं विद्युत व्यवस्था, चिकित्सा सुविधाएं और आकस्मिक चिकित्सा सहायता की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने को कहा गया।
वंदे मातरम् और राष्ट्रगान से होगी कार्यक्रम की शुरूआत
बैठक में दीक्षांत समारोह की बैठक व्यवस्था भारत सरकार द्वारा निर्धारित प्रोटोकॉल और प्राप्त डायस प्लान के अनुसार करने के निर्देश दिए गए। कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम् और राष्ट्रगान से कराने सहित अन्य सभी आवश्यक प्रोटोकॉल का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया। मुख्य सचिव ने एम्स प्रबंधन और अधिकारियों को दीक्षांत समारोह से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं को समय पर और बेहतर तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।

