चांपा-बिलासपुर रेलखंड में ट्रेनों के विलंब का मामला उठाया, जल्द समाधान की मांग
कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। सांसद श्रीमती ज्योत्सना चरणदास महंत ने कोरबा-रायपुर और रायपुर-कोरबा के बीच संचालित यात्री ट्रेनों की लगातार हो रही लेटलतीफी को गंभीरता से लिया है। उन्होंने दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक (जीएम) और बिलासपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) को पत्र लिखकर समस्या का शीघ्र निराकरण करने की मांग की है। सांसद ने मोबाइल पर भी रेलवे अधिकारियों से इस मुद्दे पर चर्चा की।

सांसद ने विशेष रूप से चांपा-बिलासपुर रेलखंड में ट्रेनों के अनावश्यक विलंब का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इससे रोजाना सफर करने वाले यात्रियों को काफी परेशानी हो रही है। कोरबा से रायपुर और रायपुर से कोरबा आने-जाने वाले कर्मचारी, विद्यार्थी, व्यापारी, मरीज और अन्य यात्रियों के लिए समय पर गंतव्य तक पहुंचना बेहद जरूरी है। सांसद ने कहा कि कई बार ट्रेनें अपने प्रारंभिक स्टेशन से लगभग निर्धारित समय पर रवाना होती हैं, लेकिन चांपा और बिलासपुर के बीच पहुंचते-पहुंचते काफी देर हो जाती है। इससे यात्रियों को कार्यालय, अस्पताल, स्कूल-कॉलेज, व्यापार और अन्य जरूरी कामों में समय पर पहुंचने में दिक्कत होती है। उन्होंने रेलवे प्रशासन से हसदेव एक्सप्रेस, शिवनाथ एक्सप्रेस, कोरबा-रायपुर/रायपुर-कोरबा मेमू समेत अन्य यात्री ट्रेनों के समयपालन की विशेष समीक्षा करने की मांग की है। सांसद ज्योत्सना चरणदास महंत ने रेलवे प्रशासन से चांपा-बिलासपुर रेलखंड में ट्रेनों की लेटलतीफी के वास्तविक कारणों की जांच करने, अनावश्यक ठहराव पर रोक लगाने और कोरबा-रायपुर यात्री ट्रेनों का निर्धारित समयपालन सुनिश्चित करने की मांग की है।
कोरबा के लिए रेल सेवा जीवनरेखा
इसके साथ ही उन्होंने इस रेलखंड पर ट्रेनों के संचालन की विशेष मॉनिटरिंग करने तथा लगातार हो रही देरी का कारणवार विश्लेषण कर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने को कहा है। निर्माण, रखरखाव या परिचालन संबंधी कार्यों के कारण यदि ट्रेनों का संचालन प्रभावित हो रहा है तो यात्रियों को इसकी पूर्व सूचना देने की भी मांग की गई है। सांसद ने कहा कि कोरबा क्षेत्र के लिए रेल सेवा महज आवागमन का साधन नहीं, बल्कि लाखों लोगों की रोजमर्रा की जरूरत और जीवनरेखा है। ऐसे में यात्री ट्रेनों के समयपालन से किसी भी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए। उन्होंने रेलवे प्रशासन से पूरे मामले को प्राथमिकता से लेते हुए चांपा-बिलासपुर रेलखंड में ट्रेनों की लगातार हो रही लेटलतीफी का स्थायी समाधान करने और यात्रियों को राहत देने की अपेक्षा की है।

