क्रिप्टो निवेश का झांसा देकर शिक्षक से 1.54 करोड़ की ठगी, छात्र परिवार सहित फरार

      Date:

      रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। रायपुर में क्रिप्टोकरेंसी ट्रेडिंग में मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर एक शिक्षक से करीब 1 करोड़ 54 लाख 90 हजार रुपए की ठगी किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि शिक्षक के ही पूर्व छात्र ने अपने परिजनों के साथ मिलकर निवेश के नाम पर रकम ली। शुरुआत में कुछ समय तक मुनाफा देकर शिक्षक का भरोसा जीता गया, इसके बाद बड़ी रकम अलग-अलग खातों में जमा कराई गई।

          क्रिप्टोकरेंसी ट्रेडिंग

          शिक्षक ने जब अपनी मूल रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने कभी मुंबई से पैसा आने, कभी ट्रेडिंग आईडी ब्लॉक होने तो कभी रकम फंसने की बात कहकर उन्हें टाल दिया। बाद में दोबारा निवेश के लिए भी रकम ली गई। आरोप है कि 5 फरवरी 2026 से सभी आरोपी मोबाइल बंद कर मकान छोड़कर फरार हो गए। शिकायतकर्ता पुष्कर जैन कॉमर्स के शिक्षक हैं। उनकी वर्ष 2020-21 में कोचिंग के दौरान छात्र नेहल अग्रवाल से पहचान हुई थी। इसके बाद नेहल ने शिक्षक की मुलाकात ललित अग्रवाल उर्फ लक्की, विवेक अग्रवाल और अपने अन्य परिजनों से कराई। आरोपियों ने खुद को क्रिप्टोकरेंसी और एसडीटी ट्रेडिंग से जुड़ा बताया। उन्होंने हर महीने 25 से 30 प्रतिशत तक मुनाफे का दावा किया और शिक्षक को निवेश पर 8 से 10 प्रतिशत निश्चित रिटर्न देने का भरोसा दिलाया।

          जमा पूंजी के साथ कर्ज लेकर भी किया निवेश

          शिकायत के अनुसार, 22 अगस्त 2024 से शिक्षक ने अलग-अलग तारीखों में आरोपियों के बैंक खातों में रकम ट्रांसफर करना शुरू किया। उन्होंने अपनी जमा पूंजी के अलावा बैंक और अन्य स्रोतों से कर्ज लेकर भी पैसा लगाया। शुरुआत में कुछ रकम मुनाफे के रूप में मिलने से शिक्षक का आरोपियों पर भरोसा बढ़ गया। बाद में जब उन्होंने अपनी मूल रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने बहाने बनाना शुरू कर दिया।

          घर पहुंचकर मांगी रकम, फिर भी नहीं लौटाया पैसा

          जनवरी 2025 में शिक्षक आरोपियों के मोवा स्थित घर पहुंचे और अपनी रकम वापस मांगी। वहां सीमा देवी अग्रवाल, संजय अग्रवाल, ललित अग्रवाल और विवेक अग्रवाल ने उन्हें दो महीने के भीतर पूरी रकम लौटाने का भरोसा दिया। इसके बाद भी रकम वापस नहीं की गई। आरोप है कि नमित अग्रवाल उर्फ विक्की ने व्यक्तिगत गारंटी देकर शिक्षक को दोबारा निवेश करने के लिए राजी किया।

          9.90 लाख रुपए और जमा कराए

          शिकायत के मुताबिक, 3 फरवरी 2026 को शिक्षक ने सीमा देवी के खाते में 9.90 लाख रुपए और जमा किए। इसके दो दिन बाद यानी 5 फरवरी से आरोपियों के मोबाइल फोन बंद हो गए। इसके बाद वे रायपुर स्थित अपना मकान छोड़कर फरार हो गए। शिक्षक का आरोप है कि नेहल, ललित, विवेक और सीमा देवी समेत अन्य आरोपियों के खातों में उन्होंने कुल 1 करोड़ 54 लाख 90 हजार रुपए ट्रांसफर किए।

          टेलीग्राम ग्रुप में भी जोड़ा

          शिकायतकर्ता ने पुलिस को यह भी बताया कि उसे टेलीग्राम के पंप एंड डंप ग्रुप में जोड़ा गया था। यहां क्रिप्टो ट्रेडिंग से संबंधित गतिविधियों के जरिए निवेश के लिए प्रेरित किया गया। मामला आजाद चौक थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों की भूमिका, बैंक खातों और पैसों के लेन-देन की जांच कर रही है।

          डबल प्रॉफिट का झांसा देकर बहन-जीजा से 1.25 करोड़ की ठगी, फर्जी हस्ताक्षर कर फर्म से भी किया बाहर

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related