कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। जिले के करतला थाना क्षेत्र के केराकछार गांव में मोबाइल पर रील देखने के दौरान नेटवर्क चले जाने से नाराज 52 वर्षीय महिला ने कीटनाशक का सेवन कर लिया। गंभीर हालत में कोरबा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मामले में परिजनों के बयान दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बताया गया कि मंगलो बाई दोपहर करीब 12 बजे खाना खाते समय मोबाइल पर रील देख रही थी। इसी दौरान अचानक इंटरनेट नेटवर्क बंद हो गया। काफी देर तक रील नहीं चलने पर वह नाराज हो गई और गुस्से में मोबाइल जमीन पर पटक दिया। इसके बाद वह कमरे में चली गई और दरवाजा बंद कर लिया। करीब 10 मिनट बाद बाहर आने के कुछ समय बाद उसे उल्टियां होने लगीं। उल्टी से जहरीले पदार्थ जैसी गंध आने पर परिजनों को संदेह हुआ। कमरे की तलाशी लेने पर कीटनाशक का खाली डिब्बा मिला। इसके बाद डायल-112 की मदद से महिला को करतला स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुरानी मान्यता के चलते गोबर मिला पानी पिलाया
मृतका के पति प्रेमलाल सारथी ने पुलिस को बताया कि अस्पताल ले जाने से पहले परिवार ने गांव में चली आ रही पुरानी मान्यता के चलते उल्टी कराने के लिए महिला को गोबर मिला पानी भी पिलाया था। हालांकि इससे कोई सुधार नहीं हुआ और बाद में अस्पताल में उसकी मौत हो गई। पुलिस घटना के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है। इस घटना ने मोबाइल और सोशल मीडिया के अत्यधिक इस्तेमाल को लेकर भी चिंता बढ़ा दी है।

