17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा अभियान, गांव-गांव पहुंचेगी ‘सेवा ज्योति यात्रा’
कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर कोरबा भाजपा की ओर से एक महीने तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान की तैयारियों को लेकर टीपी नगर स्थित आशीर्वाद प्वाइंट में भाजपा जिला कार्यसमिति की बैठक और जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। बैठक में संभाग प्रभारी जगदीश रामू रोहरा, उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन, जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी, जिला प्रभारी अनिल केशरवानी, सह प्रभारी बृजेंद्र शुक्ला और महापौर संजूदेवी राजपूत सहित पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

संभाग प्रभारी जगदीश रामू रोहरा ने कहा कि भाजपा की मूल विचारधारा समाज सेवा, मानव सेवा और राष्ट्र सेवा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं और नई पीढ़ी को सरकारी योजनाओं से अवगत कराने पर जोर दिया। उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने बताया कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाला यह अभियान केवल सरकार की उपलब्धियां बताने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण, विकास और विकसित भारत के संकल्प से लोगों को जोड़ने का प्रयास होगा। जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने बताया कि अभियान के तहत नौ प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें ‘आशीर्वाद’, ‘21 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’, ‘नमो सेवा गाथा’, ‘आंगन उत्सव’, ‘कहानी बदलाव की’, ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’ और ‘जन सेवक महाकुंभ’ शामिल हैं। बैठक में प्रदेश मंत्री रितु चौरसिया, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मीना शर्मा, जिला कोषाध्यक्ष अजय पांडेय, पूर्व विधायक रामदयाल उईके सहित भाजपा के मंडल अध्यक्ष, मोर्चा-प्रकोष्ठ के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हर बूथ पर जलेंगे दीप
जिला प्रभारी अनिल केशरवानी ने बताया कि 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दिया’ अभियान के तहत जिले के प्रत्येक बूथ पर परिवारों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर सेवा, राष्ट्र और जनकल्याण के संकल्प में सहभागिता की जाएगी। स्कूलों में ड्राइंग और भाषण प्रतियोगिताएं भी आयोजित होंगी। जिला सह प्रभारी बृजेंद्र शुक्ला ने कहा कि अभियान के दौरान गांव-गांव ‘सेवा ज्योति यात्रा’ निकाली जाएगी। इसके जरिए केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवा कार्यों की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाई जाएगी।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा का किया शुभारंभ

