रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। छत्तीसगढ़ के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। प्रदेश के आत्मानंद स्कूलों में शैक्षणिक और गैर-शैक्षणिक पदों पर संविदा भर्ती की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। लोक शिक्षण संचालनालय ने इसके लिए विज्ञापन जारी कर दिया है।
भर्ती के तहत कुल 1812 पदों पर उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा। इनमें सबसे ज्यादा 590 पद सहायक शिक्षक के हैं। वहीं विभिन्न विषयों में व्याख्याता के कुल 515 पद शामिल हैं। इसके अलावा प्रयोगशाला सहायक के 170, अंग्रेजी शिक्षक के 106, व्याख्याता वाणिज्य के 104, ग्रंथपाल के 60, व्यायाम शिक्षक के 50 और कंप्यूटर शिक्षक के 40 पद हैं। भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया जल्द शुरू होने की संभावना है। विभाग की ओर से आवेदन का लिंक इसी महीने आधिकारिक पोर्टल (http://eduportal.cg.nic.in) पर जारी किया जाएगा। इच्छुक अभ्यर्थियों को आवेदन की तारीख, पात्रता, विषयवार पद और अन्य शर्तों की जानकारी विज्ञापन के अनुसार देखनी होगी।
अक्टूबर में कंप्यूटर आधारित परीक्षा
इन पदों पर चयन कंप्यूटर आधारित परीक्षा के माध्यम से किया जाएगा। परीक्षा का माध्यम अंग्रेजी रखा गया है। परीक्षा अक्टूबर 2026 के अंतिम सप्ताह में आयोजित होने की संभावित जानकारी दी गई है। आत्मानंद स्कूलों में अब तक भर्ती प्रक्रिया जिला स्तर पर कलेक्टर की अध्यक्षता वाली समितियों के माध्यम से होती रही है। अलग-अलग जिलों में आवेदन मंगाकर या अन्य माध्यम से चयन किया जाता था। इस बार भर्ती व्यवस्था में बदलाव करते हुए लोक शिक्षण संचालनालय राज्य स्तर पर केंद्रीकृत परीक्षा आयोजित करेगा। केंद्रीकृत परीक्षा होने से अलग-अलग जिलों की मेरिट सूची को लेकर होने वाले विवाद और भर्ती में लगने वाले समय को कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है। ऑनलाइन कंप्यूटर आधारित परीक्षा के जरिए चयन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और तेज बनाने का प्रयास किया गया है।
अंग्रेजी माध्यम के अभ्यर्थियों को प्राथमिकता
आत्मानंद स्कूलों में शिक्षण का माध्यम अंग्रेजी होने के कारण संबंधित विषय में अंग्रेजी माध्यम से शैक्षणिक पृष्ठभूमि रखने वाले अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दिए जाने की बात कही गई है। हालांकि यह पूरी संविदा भर्ती प्रक्रिया सुप्रीम कोर्ट में दायर एसएलपी (सी) के अंतिम निर्णय के अधीन रहेगी।

