कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। कोरबा जिले में कटघोरा-अंबिकापुर राष्ट्रीय राजमार्ग-130 पर गुरसियां के पास पेट्रोल-डीजल से भरे एक टैंकर में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते टैंकर धू-धूकर जलने लगा, जिससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस, यातायात विभाग और दमकल की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
जानकारी के अनुसार टैंकर कोरबा से पेट्रोल लेकर वार्डफनगर की ओर जा रहा था। टैंकर में करीब 2 हजार लीटर पेट्रोल और 8 हजार लीटर डीजल भरा हुआ था। गुरसियां के पास चालक खाना खाने के लिए रुका था। खाना खाने के बाद जैसे ही टैंकर को दोबारा चालू किया गया, अचानक उसमें आग भड़क उठी। आग लगते ही चालक और परिचालक ने तत्काल टैंकर से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। देखते ही देखते आग ने टैंकर के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही बांगो पुलिस और यातायात पुलिस के जवान मौके पर पहुंचे। दमकल वाहन को भी तत्काल बुलाया गया।
विस्फोट की आशंका से मची अफरा-तफरी
टैंकर में बड़ी मात्रा में पेट्रोल और डीजल भरा होने के कारण उसके फटने की आशंका बनी हुई थी। एहतियात के तौर पर आसपास के रिहायशी क्षेत्र को खाली कराया गया। सुरक्षा को देखते हुए हाइवे पर आवागमन भी प्रभावित हुआ और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। हालांकि टैंकर को काफी नुकसान पहुंचा है।

