कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। ‘सजग कोरबा, सतर्क कोरबा’ अभियान के तहत साइबर पुलिस ने सीईआईआर पोर्टल की मदद से गुम हुए 110 मोबाइल फोन बरामद कर उनके मालिकों को वापस सौंपे। बरामद मोबाइल की कुल कीमत करीब 20 लाख 33 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में साइबर पुलिस और विभिन्न थाना-चौकी की टीम ने अलग-अलग जिलों व राज्यों से मोबाइल ट्रेस कर बरामद किए। इनमें एप्पल, सैमसंग, ओप्पो, वीवो, रेडमी, रियलमी और वनप्लस सहित कई कंपनियों के फोन शामिल हैं। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने पुलिस के प्रति आभार जताया। कोरबा पुलिस के अनुसार पिछले आठ महीनों में 400 से अधिक गुम मोबाइल उनके मालिकों को लौटाए जा चुके हैं। पुलिस ने नागरिकों से मोबाइल गुम या चोरी होने पर तत्काल थाने में सूचना देने और सीईआईआर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की है। साइबर ठगी होने पर 1930 पर तत्काल संपर्क करने की सलाह दी गई है।

