बिलासपुर- प्रयागराज- दिल्ली अलायंस एयर विमान का हवा में इंजन फेल, इमरजेंसी लैंडिंग, 40 यात्री थे सवार

      Date:

      बिलासपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। बिलासपुर से प्रयागराज होते हुए दिल्ली जा रहे अलायंस एयर के विमान में अचानक तकनीकी खराबी आ गई। मेरठ के आसपास उड़ान के दौरान पायलट को विमान के एक इंजन में समस्या का पता चला। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पायलट ने तत्काल दिल्ली हवाई यातायात नियंत्रण को सूचना दी और आपात लैंडिंग की अनुमति मांगी।

          सूचना मिलते ही दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर आपात स्थिति घोषित कर दी गई। विमान की सुरक्षित लैंडिंग के लिए रनवे पर दमकल की गाडिय़ां, एंबुलेंस और अन्य जरूरी इंतजाम किए गए। शुक्रवार दोपहर करीब 2:15 बजे विमान को सुरक्षित उतार लिया गया। विमान में चालक दल समेत 40 लोग सवार थे और सभी सुरक्षित बताए गए हैं। अलायंस एयर की उड़ान संख्या 9आई 698 ने शुक्रवार सुबह करीब 10:45 बजे बिलासपुर से प्रयागराज के लिए उड़ान भरी थी। विमान लगभग 11:58 बजे प्रयागराज पहुंचा। कुछ देर रुकने के बाद दोपहर 12:33 बजे विमान नई दिल्ली के लिए रवाना हुआ। मेरठ के आसपास पहुंचने के बाद पायलट को एक इंजन में तकनीकी समस्या महसूस हुई। इसके बाद उन्होंने दिल्ली एटीसी से संपर्क कर आपात लैंडिंग की अनुमति मांगी। विमान को दिल्ली हवाईअड्डे पर प्राथमिकता के आधार पर उतारने की तैयारी की गई।

          इंजन बंद होने की जानकारी से घबराए यात्री

          तकनीकी खराबी की जानकारी मिलने के बाद विमान में सवार यात्रियों के बीच चिंता का माहौल बन गया। यात्रियों के मुताबिक, विमान का बायां इंजन अचानक बंद हो गया था। इसके बाद कई यात्री घबरा गए और लैंडिंग तक तनाव की स्थिति बनी रही। हालांकि पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए विमान को सुरक्षित दिल्ली हवाईअड्डे पर उतार लिया। विमान के जमीन पर पहुंचते ही यात्रियों ने राहत की सांस ली।

          डीजीसीए ने जांच के दिए निर्देश

          अलायंस एयर के स्टेशन प्रबंधक प्रसन्न सोनी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि तकनीकी समस्या के कारण विमान को दिल्ली में आपात स्थिति में उतारा गया। विमान में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं और किसी तरह के नुकसान की सूचना नहीं है। वहीं, विमानन नियामक डीजीसीए ने घटना की जांच के निर्देश दिए हैं। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि उड़ान के दौरान इंजन में किस प्रकार की तकनीकी खराबी आई और इसके पीछे वास्तविक कारण क्या था।

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related