राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य मिशन के तहत जनप्रतिनिधियों के लिए एक दिवसीय संवेदीकरण एवं उन्मुखीकरण कार्यशाला आयोजित
महापौर संजूदेवी राजपूत ने किया शुभारंभ, स्वच्छता, बीमारी से बचाव और सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने पर जोर
कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। नगर निगम कोरबा के पार्षदों और जनप्रतिनिधियों की लोक स्वास्थ्य सेवाओं में भागीदारी को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत एक दिवसीय संवेदीकरण एवं उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया। पं. जवाहरलाल नेहरू सभागार, रामपुर में आयोजित कार्यशाला का शुभारंभ महापौर संजूदेवी राजपूत और सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने दीप प्रज्वलित कर किया।

कार्यशाला में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने, विभिन्न बीमारियों से बचाव, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य के प्रति लोगों को जागरूक करने तथा शासन की स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई। महापौर संजूदेवी राजपूत ने कहा कि प्रत्येक वार्ड में जनप्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। वार्ड के लोग अपनी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं और बीमारियों को लेकर जनप्रतिनिधियों के पास भी पहुंचते हैं। ऐसे में जनप्रतिनिधियों का दायित्व है कि वे लोगों को स्वास्थ्य से जुड़ी जरूरी जानकारी दें, स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करें तथा शासन की योजनाओं की जानकारी देकर पात्र लोगों को उनका लाभ दिलाने में सहयोग करें। कार्यशाला में मेयर इन काउंसिल सदस्य हितानंद अग्रवाल सहित निगम के अन्य मेयर इन काउंसिल सदस्य, पार्षद और एल्डरमेन उपस्थित रहे।
स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता जिम्मेदारी
सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने कहा कि कार्यशाला के माध्यम से जनप्रतिनिधियों को स्वास्थ्य और स्वच्छता से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी मिली है। उन्होंने कहा कि लोगों को स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति लगातार जागरूक करना सभी जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने दुर्घटनाओं के मामलों में प्रभावित व्यक्ति और उसे अस्पताल पहुंचाने वाले लोगों को शासन की ओर से मिलने वाली सहायता राशि की जानकारी देने की आवश्यकता पर भी जोर दिया, ताकि जरूरतमंद लोग इसका लाभ उठा सकें।
स्वास्थ्य व शिक्षा को प्राथमिकता देना दायित्व
मेयर इन काउंसिल सदस्य नरेंद्र देवांगन ने कहा कि कार्यशाला में स्वास्थ्य से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर उपयोगी जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि जनता के स्वास्थ्य और शिक्षा को प्राथमिकता देना सभी जनप्रतिनिधियों का दायित्व है। स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग को सहयोग देने के साथ ही स्वच्छता और स्वास्थ्य संबंधी जनजागरूकता अभियानों में भी सक्रिय भागीदारी करनी चाहिए।
लक्षण व बचाव की दी गई जानकारी
कार्यशाला के दौरान स्वास्थ्य विभाग की सीपीएम ज्योत्सना ने राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य मिशन के उद्देश्यों और योजनाओं की जानकारी दी। डॉ. अविश पाण्डेय ने विभिन्न मौसमी बीमारियों, उनके लक्षण और बचाव के उपायों के बारे में जानकारी दी। वहीं डॉ. बी.आर. रात्रे ने टीबी और कुष्ठ रोग सहित अन्य बीमारियों की जांच, उपचार और बचाव के संबंध में विस्तार से बताया। विशेषज्ञों ने कहा कि बीमारियों की समय पर पहचान और उपचार के साथ लोगों में जागरूकता फैलाना भी जरूरी है। इस दिशा में नगरीय निकाय के जनप्रतिनिधि महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से स्वास्थ्य और स्वच्छता संबंधी जानकारी को वार्ड स्तर तक पहुंचाने तथा लोगों को समय पर जांच और उपचार के लिए प्रेरित करने की अपील की।
नगर निगम कोरबा की मेयर इन काउंसिल ने 72 करोड़ रूपये से अधिक के कार्यो स्वीकृति प्रदान की

