मुख्यमंत्री ने किया ‘डीपी वर्ल्ड नवा रायपुर ओपन 2026’ की ट्रॉफी का अनावरण, गोल्फ में हाथ आजमाकर बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह
1983 विश्वकप विजेता भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान एवं पीजीटीआई अध्यक्ष कपिल देव की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ आयोजन
मुख्यमंत्री ने देश-विदेश से आए खिलाड़ियों का किया आत्मीय स्वागत, बस्तर और सरगुजा की प्राकृतिक सुंदरता देखने का दिया न्योता
रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। छत्तीसगढ़ अब केवल अपनी प्राकृतिक सुंदरता, जनजातीय संस्कृति और खनिज संपदा के लिए ही नहीं, बल्कि खेलों के क्षेत्र में भी देश-दुनिया में अपनी नई पहचान बना रहा है। नवा रायपुर में आयोजित हो रही प्रतिष्ठित ‘डीपी वर्ल्ड नवा रायपुर ओपन 2026’ इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंगलवार को फेयरवे गोल्फ एंड कंट्री क्लब रिजॉर्ट में प्रतियोगिता की ट्रॉफी का अनावरण किया। इस दौरान उन्होंने स्वयं गोल्फ में हाथ आजमाकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।

प्रतियोगिता में देश-विदेश के 132 पेशेवर गोल्फ खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। इनमें 18 विदेशी खिलाड़ी भी शामिल हैं। इतने बड़े स्तर पर अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों का छत्तीसगढ़ पहुंचना प्रदेश के लिए गौरव का अवसर माना जा रहा है। आयोजन के दौरान 1983 विश्वकप विजेता भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान एवं प्रोफेशनल गोल्फ टूर ऑफ इंडिया के अध्यक्ष कपिल देव की गरिमामयी उपस्थिति भी रही। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि नवा रायपुर में इतने बड़े पेशेवर गोल्फ टूर्नामेंट का आयोजन छत्तीसगढ़ में तेजी से विकसित हो रही खेल संस्कृति का प्रमाण है। उन्होंने विश्वास जताया कि ‘डीपी वर्ल्ड नवा रायपुर ओपन’ आने वाले वर्षों में छत्तीसगढ़ की नई पहचान बनेगा और नवा रायपुर को देश-दुनिया के प्रमुख गोल्फ केंद्रों में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों का असर केवल खेल मैदान तक सीमित नहीं रहता। इससे प्रदेश की राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान मजबूत होती है, खेल पर्यटन को बढ़ावा मिलता है और स्थानीय युवाओं को देश-विदेश के खिलाड़ियों को करीब से देखने तथा उनसे प्रेरणा लेने का अवसर मिलता है।
गोल्फ को बढ़ावा देने सरकार देगी सहयोग
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय गोल्फ को सीमित वर्ग से जुड़ा खेल माना जाता था, लेकिन अब इसकी पहुंच लगातार बढ़ रही है। छत्तीसगढ़ में भी इस खेल की संभावनाएं तेजी से विकसित हो रही हैं। राज्य सरकार गोल्फ को बढ़ावा देने, आवश्यक सुविधाओं का विस्तार करने और प्रतिष्ठित प्रतियोगिताओं के आयोजन में हरसंभव सहयोग करेगी। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में खेल अधोसंरचना का लगातार विस्तार किया जा रहा है। खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक संसाधन और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन को बजट में शामिल किया गया है। सरकार का प्रयास है कि प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के सामने संसाधनों और अवसरों की कमी बाधा न बने।
बस्तर और सरगुजा की खूबसूरती देखने का न्योता
मुख्यमंत्री ने प्रतियोगिता में हिस्सा लेने पहुंचे देश-विदेश के खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए उन्हें छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक सुंदरता और जनजातीय संस्कृति से रूबरू होने का न्योता दिया। उन्होंने खिलाड़ियों से कहा कि वे प्रतियोगिता के साथ समय निकालकर प्रदेश के पर्यटन स्थलों का भ्रमण करें। मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से बस्तर और सरगुजा का उल्लेख किया। उन्होंने बस्तर के चित्रकोट जलप्रपात, वन क्षेत्रों और प्राकृतिक स्थलों के साथ सरगुजा की पहाड़ियों, जंगलों और विशिष्ट संस्कृति को देखने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि खिलाड़ी छत्तीसगढ़ से लौटते समय अपने साथ यहां के लोगों के आत्मीय आतिथ्य और खूबसूरत यादें भी लेकर जाएं।
खेलों में बढ़ रही छत्तीसगढ़ की भागीदारी
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में क्रिकेट, हॉकी, तीरंदाजी और एथलेटिक्स सहित अनेक खेल विधाओं को बढ़ावा दिया जा रहा है। नेशनल ट्राइबल गेम्स में देश के विभिन्न राज्यों से करीब 2500 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। वहीं बस्तर ओलंपिक और सरगुजा ओलंपिक जैसे आयोजनों ने दूरस्थ क्षेत्रों के हजारों बच्चों और युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने का मंच दिया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘खेलो इंडिया’ और ‘फिट इंडिया’ के संकल्प के अनुरूप प्रदेश में खेलों के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार किया जा रहा है। अब पेशेवर गोल्फ के बड़े आयोजनों से छत्तीसगढ़ की खेल यात्रा को एक नया आयाम मिल रहा है।
हर साल हो गोल्फ टूर्नामेंट : कपिल देव
प्रोफेशनल गोल्फ टूर ऑफ इंडिया के अध्यक्ष एवं 1983 विश्वकप विजेता भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान कपिल देव ने प्रतियोगिता के आयोजन में सहयोग के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और छत्तीसगढ़ सरकार का आभार जताया। उन्होंने कहा कि ऐसे बड़े आयोजन खेल संस्कृति को मजबूत करने के साथ नई प्रतिभाओं को भी प्रेरित करते हैं। कपिल देव ने इच्छा जताई कि छत्तीसगढ़ में यह प्रतिष्ठित गोल्फ प्रतियोगिता हर वर्ष आयोजित हो और आने वाले वर्षों की तारीखें पहले से तय की जाएं। इससे देश-विदेश के पेशेवर खिलाड़ी अपने प्रतियोगिता कार्यक्रम के अनुसार छत्तीसगढ़ आने की योजना बना सकेंगे। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ का वातावरण गोल्फ के लिए अनुकूल है और यहां खिलाड़ियों को मिलने वाला आत्मीय आतिथ्य भी इसकी विशेष पहचान है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में छत्तीसगढ़ देश के प्रमुख गोल्फ केंद्रों में अपनी पहचान बना सकता है। पीजीटीआई के सीईओ अमनदीप चहल ने भी छत्तीसगढ़ में खिलाड़ियों को मिलने वाले स्वागत, वातावरण और व्यवस्थाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि यहां खेलने वाले खिलाड़ी दोबारा छत्तीसगढ़ आकर खेलने की इच्छा व्यक्त करते हैं। ‘डीपी वर्ल्ड नवा रायपुर ओपन 2026’ का आयोजन नवा रायपुर और छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय गोल्फ मानचित्र पर स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। बड़े खेल आयोजनों, विकसित होती खेल सुविधाओं और खिलाड़ियों को मिल रहे नए अवसरों के साथ प्रदेश में खेल पर्यटन को भी नई गति मिलने की संभावना है।
छत्तीसगढ़ की खेल प्रतिभाओं को अवसरों की कमी नहीं होगी : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

