कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। जिले के प्रभारी मंत्री एवं उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कलेक्टर कुणाल दुदावत, अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की बैठक लेकर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अभियान में आम नागरिकों, विद्यार्थियों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि कोरबा ऊर्जा नगरी के रूप में अपनी अलग पहचान रखता है, इसलिए यहां अभियान के कार्यक्रम व्यापक और गरिमापूर्ण तरीके से आयोजित किए जाएं। उन्होंने सामाजिक माध्यमों सहित अन्य माध्यमों से अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर कुणाल दुदावत ने बताया कि 17 सितंबर को अभियान के शुभारंभ अवसर पर घंटाघर परिसर में 51 हजार दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। जनपद पंचायत स्तर पर 5,100 और नगर पालिका क्षेत्रों में 11 हजार दीप जलाने का लक्ष्य रखा गया है। जिले के अन्य प्रमुख स्थानों पर भी दीप प्रज्वलन होगा। जिले में करीब 5 लाख से अधिक परिवारों की सहभागिता से 5 लाख से अधिक दीप जलाने का लक्ष्य रखा गया है। प्रत्येक घर में कम से कम तीन दीप जलाने के लिए लोगों को प्रेरित किया जा रहा है। स्व-सहायता समूहों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, विद्यार्थियों, सामाजिक संस्थाओं और सार्वजनिक उपक्रमों को भी अभियान से जोड़ा जाएगा। ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ अभियान के तहत जिले के विद्यालयों में चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। वहीं ‘नमो सेवा गाथा’ के तहत विद्यालयों और महाविद्यालयों सहित करीब 15 स्थानों पर नुक्कड़ नाटक होंगे। ‘आंगन का उत्सव’ में माताओं से संवाद, खिलौना संग्रहण और सुपोषण चौपाल जैसी गतिविधियां होंगी। उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान भी किया जाएगा। शासन की योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों की सफलता की कहानियों को भी वीडियो के माध्यम से प्रचारित किया जाएगा। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में कोरबा विधायक एवं वाणिज्य, उद्योग एवं श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन ने भी अभियान की तैयारियों की जानकारी दी। इस दौरान निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
गांव-गांव पहुंचेगी सेवा ज्योति
अभियान के दौरान गांवों में कलश यात्रा और मोटरसाइकिल रैली सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। जल जन सेवा संकल्प यात्रा, सेवा मेरा योगदान, सेवा सेतु अभियान, रंगोली राष्ट्र भारत, राष्ट्रीय नवाचार चुनौती और जनसेवक महाकुंभ सहित कई कार्यक्रम होंगे। उपमुख्यमंत्री ने प्रत्येक विकासखंड में ‘सेवा सेतु’ शिविर लगाने के निर्देश दिए, ताकि पात्र लोगों को शासन की योजनाओं का लाभ मिल सके। दिव्यांगजनों को भी शिविरों में आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया। उपमुख्यमंत्री साव ने जिले में की गई तैयारियों की सराहना करते हुए सभी विभागों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संस्थाओं और नागरिकों के समन्वय से अभियान को सफल बनाने के निर्देश दिए।

