कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। ग्राम बुंदेली में एक बार फिर बाबा श्याम की भक्ति का रंग देखने को मिलेगा। 19 सितंबर 2026, शनिवार को शाम 6.15 बजे श्री श्याम अखाड़ा परिसर में 12वें श्री श्याम अखाड़ा का भव्य एवं दिव्य आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर देश के ख्याति प्राप्त भजन प्रवाहक शीतल पाण्डे, संजीव शर्मा और प्रीति सरगम अपनी मधुर प्रस्तुतियों से बाबा श्याम का गुणगान करेंगे। कार्यक्रम के दौरान “हारे का सहारा, बाबा श्याम हमारा” के जयकारों से पूरा बुंदेली भक्तिमय होने की उम्मीद है।
लगभग 11 वर्ष पहले महज 50 श्रद्धालुओं की उपस्थिति से शुरू हुआ श्री श्याम अखाड़ा आज एक बड़े धार्मिक आयोजन का रूप ले चुका है। बाबा श्याम के प्रति आस्था और श्याम प्रेमियों के सहयोग से हर वर्ष आयोजन का विस्तार हुआ है। वर्तमान में इसमें हजारों श्रद्धालु शामिल होते हैं और छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों से श्याम भक्त ग्राम बुंदेली पहुंचते हैं। श्री श्याम बाबा के भव्य दरबार में शीतल पाण्डे, संजीव शर्मा और प्रीति सरगम भक्तिरस से ओतप्रोत भजनों की प्रस्तुति देंगे। श्रद्धालुओं को बाबा श्याम की पावन ज्योत के दर्शन करने का अवसर भी मिलेगा। भजन संध्या के दौरान श्रद्धालु बाबा के दरबार में अपनी अरदास लगाएंगे और भक्ति में भाव-विभोर होकर आध्यात्मिक आनंद का अनुभव करेंगे। करीब चार वर्ष पहले भजन सम्राट कन्हैया मित्तल भी श्री श्याम अखाड़ा के आयोजन में ग्राम बुंदेली पहुंचे थे। उनकी भजन प्रस्तुति के बाद बुंदेली की पहचान श्याम भक्ति के प्रमुख आयोजनों में और मजबूत हुई। स्थानीय ग्रामीण भी हर वर्ष पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ इस आयोजन में सहभागिता करते हैं।
बुंदेली में बन रहा सालासर बालाजी का मंदिर
श्री श्याम अखाड़ा परिसर में श्री बालाजी सेवा संघ बुंदेली, कोरबा के तत्वावधान में सालासर बालाजी के भव्य मंदिर का निर्माण भी जारी है। मंदिर की छत की ढलाई और गुंबद का कार्य पूरा हो चुका है। आगामी समय में मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा और अन्य धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे। मंदिर के निर्माण से क्षेत्र के श्रद्धालुओं के लिए एक नए धार्मिक केंद्र का विकास होगा। आयोजन को व्यवस्थित और भव्य स्वरूप देने के लिए समिति द्वारा तैयारियां पूरी की जा रही हैं। श्रद्धालुओं के लिए श्याम रसोई की व्यवस्था भी की गई है। आयोजन समिति ने सभी श्याम प्रेमियों, श्रद्धालुओं और धर्मप्रेमी नागरिकों से परिवार एवं इष्ट-मित्रों के साथ 19 सितंबर को शाम 6.15 बजे ग्राम बुंदेली पहुंचने की अपील की है। श्रद्धालु बाबा श्याम की पावन ज्योत के दर्शन कर भजन संध्या का आनंद ले सकेंगे और बाबा के चरणों में अपनी अरदास अर्पित करेंगे।

