एसईसीएल में ‘संकल्प सिद्धि समारोह’ का आयोजन, प्रतियोगिता के विजेता व सेवानिवृत्त कर्मचारी हुए सम्मानित

      Date:

      • सतर्कता जागरूकता सप्ताह के तहत सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता और जवाबदेही का दिया संदेश, मुख्य वक्ता डॉ. निखिल कुमार कनोडिया ने भ्रष्टाचार के प्रति शून्य सहिष्णुता पर दिया जोर

      बिलासपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) में सतर्कता जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत शनिवार को मुख्यालय बिलासपुर में ‘संकल्प सिद्धि समारोह’ आयोजित किया गया। केंद्रीय सतर्कता आयोग, भारत सरकार के दिशा-निर्देशों पर 26 अक्टूबर से 1 नवंबर तक आयोजित इस सप्ताह की थीम ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ रखी गई है। समारोह में सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता, जवाबदेही और नैतिक कार्यसंस्कृति को मजबूत बनाने का संदेश दिया गया। इस दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं और सेवानिवृत्त कर्मियों को सम्मानित किया गया।

          एसईसीएल

          कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में डॉ. निखिल कुमार कनोडिया (भा.पु.से.), पुलिस महानिरीक्षक एवं भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के पूर्व मुख्य सतर्कता अधिकारी शामिल हुए। इसके अलावा एसईसीएल के निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास, मुख्य सतर्कता अधिकारी हिमांशु जैन, निदेशक (तकनीकी संचालन) रमेश चंद्र महापात्र तथा निदेशक (तकनीकी योजना/परियोजना) नृपेंद्र नाथ सहित वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। समारोह की शुरुआत अतिथियों द्वारा एसईसीएल के इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के निरीक्षण से हुई। यहां उन्हें केंद्र की कार्यप्रणाली और डिजिटल निगरानी व्यवस्था की जानकारी दी गई। इसके बाद अतिथियों ने सतर्कता जागरूकता सप्ताह के तहत लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया, जिसमें सतर्कता विभाग की विभिन्न पहलों और जागरूकता गतिविधियों को प्रदर्शित किया गया था। इस अवसर पर ‘एक पेड़ सतर्कता के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण भी किया गया। इसके बाद सभागार में दीप प्रज्ज्वलित कर तथा लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर समारोह का शुभारंभ किया गया। मुख्य सतर्कता अधिकारी हिमांशु जैन ने स्वागत उद्बोधन में सप्ताह के दौरान आयोजित कार्यक्रमों और विभागीय प्रयासों की जानकारी दी। अतिथियों का पौधा, शॉल, श्रीफल और स्मृति चिह्न भेंटकर अभिनंदन किया गया।

          ईमानदारी और पारदर्शिता से ही मजबूत होगा सुशासन

          मुख्य वक्ता डॉ. निखिल कुमार कनोडिया ने कहा कि किसी भी संस्थान में सुशासन स्थापित करने के लिए सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता, जवाबदेही और नैतिक आचरण बेहद जरूरी हैं। उन्होंने अपने प्रशासनिक अनुभव साझा करते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों से कार्यों में निष्पक्षता तथा ईमानदारी बनाए रखने की अपील की। साथ ही भ्रष्टाचार के प्रति शून्य सहिष्णुता की नीति अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने स्कूली और महाविद्यालयीन विद्यार्थियों से भी संवाद किया तथा उनके सवालों के जवाब दिए। उन्होंने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं। उनमें बचपन से ही ईमानदारी, नैतिकता और सत्यनिष्ठा के संस्कार विकसित करना जरूरी है। निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास ने भी कार्यस्थल पर नैतिक मूल्यों और ईमानदारी के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने की आवश्यकता बताई। इस दौरान उन्होंने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई।

          विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को मिला सम्मान

          सतर्कता जागरूकता सप्ताह के दौरान स्कूली विद्यार्थियों के लिए वाद-विवाद, चित्रकला और निबंध प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। महाविद्यालयीन विद्यार्थियों के लिए वाद-विवाद एवं निबंध प्रतियोगिताएं रखी गईं। वहीं एसईसीएल कर्मचारियों के लिए वाद-विवाद, निबंध, नारा लेखन, कविता, प्रश्नोत्तरी और पोस्टर निर्माण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। समारोह में इन प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

          ‘स्पंदन’ पत्रिका और पुस्तिका का विमोचन

          समारोह में एसईसीएल सतर्कता विभाग की वार्षिक पत्रिका ‘स्पंदन’ तथा ‘हैंडबुक ऑन सिस्टमैटिक इम्प्रूवमेंट मेजर्स’ का विमोचन किया गया। इन प्रकाशनों में विभागीय गतिविधियों और कार्यप्रणाली में सुधार के उपायों को संकलित किया गया है। कार्यक्रम के दौरान संगीत समूह और ओडिशी नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां भी दी गईं। मंच संचालन वरिष्ठ प्रबंधक (मानव संसाधन) पंकज पाणी पांडेय ने किया, जबकि महाप्रबंधक (सतर्कता) संजय प्रसाद दुबे ने आभार व्यक्त किया।

          सेवानिवृत्त कर्मियों का भी किया गया सम्मान

          समारोह में एसईसीएल से सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उनके सेवाकाल में दिए गए योगदान के लिए सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में देवेंद्र प्रसाद (महाप्रबंधक, उत्खनन), प्रवीणा गांधी (प्रबंधक, मानव संसाधन कर्मचारी स्थापना विभाग), असीम जूलियस (सब स्टेशन अटेंडेंट, बसंत विहार), सुपर्णा दासगुप्ता (सीनियर डीईओ, बसंत विहार स्वास्थ्य केंद्र) और प्रवीण कुमार दीक्षित (वरिष्ठ तकनीकी निरीक्षक, गुणवत्ता नियंत्रण विभाग) शामिल रहे। समारोह के माध्यम से एसईसीएल ने संगठन में ईमानदारी, पारदर्शिता और जवाबदेही की संस्कृति को बढ़ावा देने के साथ कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों को नैतिक मूल्यों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।

          डिजिटल सेवाओं से सुशासन को मजबूती दे रहा एसईसीएल, कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को मिल रही सुविधा

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related