सेवा संकल्प यात्रा ने दिया सेवा और राष्ट्र निर्माण का संदेश, बस्तर के बच्चों की आंखों में अब दिख रहे उज्ज्वल भविष्य के सपने
रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। राजधानी रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय सभागार में ‘सेवा संकल्प यात्रा एवं युवा संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल हुए। उन्होंने गुजरात के वडनगर से लंबी यात्रा तय कर रायपुर पहुंचे बाइक सवार युवाओं और बस्तर संभाग के विभिन्न जिलों से आए युवाओं का स्वागत किया।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश सशक्त, आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए देशवासियों को मिलकर कार्य करना होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सेवा संकल्प यात्रा केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि युवाओं को सेवा, सामाजिक सरोकार और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का महत्वपूर्ण अभियान है। गुजरात के वडनगर से शुरू हुई यह यात्रा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जन्मभूमि से उनकी कर्मभूमि वाराणसी तक सेवा का संदेश लेकर आगे बढ़ रही है। यात्रा में शामिल युवा स्वच्छता, नशामुक्ति, टीबी मुक्त भारत और पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों को लेकर लोगों में जागरूकता फैला रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे अभियानों से युवाओं में समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना मजबूत होती है। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री अरुण साव एवं विजय शर्मा, वन मंत्री केदार कश्यप, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, लक्ष्मी वर्मा, वी.डी. शर्मा सहित विधायक, जनप्रतिनिधि, विभिन्न निगम-मंडल एवं आयोगों के अध्यक्ष, सेवा संकल्प यात्रा के बाइक सवार और बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
छत्तीसगढ़ में जलाए गए डेढ़ करोड़ से अधिक दीप
मुख्यमंत्री साय ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर छत्तीसगढ़ में सेवा संकल्प अभियान के तहत डेढ़ करोड़ से अधिक दीप प्रज्ज्वलित किए गए। उन्होंने कहा कि प्रदेशवासियों की भागीदारी प्रधानमंत्री के प्रति उनके स्नेह और विश्वास को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का छत्तीसगढ़ से पुराना और आत्मीय संबंध रहा है। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के साथ काम करने के अपने अनुभव साझा करते हुए उनकी कार्यशैली, अनुशासन और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण का उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य रखा है। इसी दिशा में छत्तीसगढ़ को विकसित राज्य बनाने के लिए सरकार ने ‘विकसित छत्तीसगढ़’ विजन दस्तावेज तैयार किया है। सरकार की कोशिश है कि विकास का लाभ प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र और नागरिक तक पहुंचे।
बस्तर में बदली तस्वीर, बच्चों की आंखों में नए सपने
मुख्यमंत्री ने बस्तर में आए बदलाव का उल्लेख करते हुए कहा कि कभी हिंसा और भय से प्रभावित क्षेत्रों में अब शांति, विश्वास और विकास का वातावरण मजबूत हुआ है। दूरस्थ इलाकों में सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हो रहा है। कार्यक्रम में बस्तर से रायपुर के विद्यालयों में पढ़ाई कर रहे विद्यार्थियों गोविंद कुमार, दृष्टि ध्रुव, दीपक मरकाम और दीना उइके ने अपने अनुभव साझा किए। विद्यार्थियों ने कहा कि बस्तर में बदलते माहौल से बच्चों और युवाओं में भविष्य को लेकर नया आत्मविश्वास पैदा हुआ है। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों की बातों की सराहना करते हुए कहा कि बस्तर के बच्चों की आंखों में दिखाई दे रहे उज्ज्वल भविष्य के सपने बदलते छत्तीसगढ़ की सुखद तस्वीर हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के हर बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आगे बढ़ने के समान अवसर मिलें। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद राजीव शुक्ला ने बताया कि सेवा संकल्प यात्रा में करीब 1200 युवा लगभग 2000 किलोमीटर की यात्रा कर रहे हैं। यात्रा के दौरान स्वच्छता, टीबी मुक्त भारत, नशामुक्ति और पर्यावरण संरक्षण जैसे सामाजिक विषयों को लेकर जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
मदकूद्वीप के प्राचीन मंदिरों में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने की पूजा-अर्चना

