कन्या पूजन कर कन्या भोज में हुए शामिल, प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना; मंदिर संग्रहालय का भी किया अवलोकन
रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मुंगेली जिले के पथरिया विकासखंड स्थित ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक स्थल हरिहर क्षेत्र केदार मदकूद्वीप पहुंचकर प्राचीन रामाश्रय और गणेश मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने भगवान से छत्तीसगढ़ की निरंतर प्रगति और प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

मंदिर परिसर में आयोजित कन्या पूजन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कन्याओं का विधिवत पूजन कर उनका आशीर्वाद लिया। इसके बाद वे कन्या भोज में शामिल हुए और प्रसाद ग्रहण किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सनातन परंपरा में कन्या को शक्ति का स्वरूप माना गया है। कन्या पूजन मातृशक्ति के प्रति श्रद्धा, सम्मान और कृतज्ञता की अभिव्यक्ति है। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ प्राचीन धार्मिक परंपराओं, पुरातात्विक धरोहरों और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से समृद्ध है। मदकूद्वीप भी ऐसी ही महत्वपूर्ण धरोहर है, जहां इतिहास, आस्था और प्रकृति का अनूठा संगम देखने को मिलता है। ऐसे स्थलों के माध्यम से नई पीढ़ी को प्रदेश की गौरवशाली विरासत से परिचित कराया जा सकता है। इस अवसर पर केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्यमंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, पूर्व राज्यपाल रमेश बैस, खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल, उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन सहित कई विधायक, जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
मंदिर संग्रहालय का किया अवलोकन
मुख्यमंत्री ने पुरातत्व विभाग द्वारा स्थापित मंदिर संग्रहालय का भी अवलोकन किया। उन्होंने वहां संरक्षित पुरातात्विक धरोहरों और ऐतिहासिक अवशेषों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक और धार्मिक धरोहरें केवल अतीत की स्मृतियां नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने वाली अमूल्य निधि हैं।
आयुर्वेद भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा की अमूल्य धरोहर : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

