कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। नगर पालिक निगम कोरबा के पंडित जवाहरलाल नेहरू सभागार में जिला प्रशासन एवं नगर निगम के संयुक्त तत्वावधान में सफाई मित्र सुरक्षा एवं सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महापौर संजू देवी राजपूतने सफाई मित्रों और स्वच्छता दीदियों का सम्मान किया। उन्होंने कहा कि सफाई मित्र शहर की स्वच्छता व्यवस्था की वास्तविक ताकत हैं और उनके समर्पण से ही स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ कोरबा का संकल्प पूरा हो रहा है।

महापौर ने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चल रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत सफाई मित्रों, स्वच्छता दीदियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों के योगदान का सम्मान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सफाई मित्रों का काम केवल शहर की सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वच्छ वातावरण के माध्यम से वे नागरिकों के स्वास्थ्य और बेहतर जीवन में भी महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। उनकी सुरक्षा, स्वास्थ्य, सुविधा और सम्मान सुनिश्चित करना नगर निगम की प्राथमिकता है। उन्होंने नागरिकों से स्वच्छता को अपनी आदत और सामाजिक जिम्मेदारी बनाने तथा सफाई मित्रों के कार्यों का सम्मान करने की अपील की। कार्यक्रम में एमआईसी सदस्य, पार्षद, एल्डरमेन, निगम के अधिकारी-कर्मचारी, सफाई मित्र और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
पीपीई किट और सुरक्षा बीमा कार्ड बांटे
कार्यक्रम में सफाई कार्य में उपयोग होने वाले सुरक्षा उपकरणों की प्रदर्शनी लगाई गई, जिसका महापौर, सभापति, एमआईसी सदस्यों, पार्षदों और निगम अधिकारियों ने अवलोकन किया। स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय तिवारी ने सुरक्षा उपकरणों और स्वच्छता उपायों की जानकारी दी। इस दौरान सफाई मित्रों एवं स्वच्छता दीदियों को पीपीई किट और सुरक्षा बीमा कार्ड वितरित किए गए तथा शाल-श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया। सभापति श्री नूतन सिंह ठाकुर ने कहा कि नगर निगम एक परिवार है और जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी तथा सफाई मित्र सभी मिलकर शहर की स्वच्छता के लिए काम करते हैं। उन्होंने कहा कि सफाई मित्रों की मेहनत और लगन के कारण कोरबा स्वच्छता के क्षेत्र में देश में आठवें स्थान पर पहुंचा है। यह उपलब्धि उनके परिश्रम का परिणाम है। उन्होंने स्वच्छ कोरबा के लिए सभी से निरंतर सहयोग की अपील की।
महापौर संजूदेवी राजपूत ने जलभराव प्रभावित इलाकों का किया दौरा

