4 की हालत गंभीर; टक्कर के बाद सड़क पर जा गिरीं कई महिलाएं
कोरिया (AkhandBharatHNKP.Com)। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में शुक्रवार देर शाम दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पटना थाना क्षेत्र के सावारांवा के पास तेज रफ्तार पिकअप ने महिलाओं से भरे ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो सवार तीन महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 12 महिलाएं घायल हो गईं। घायलों में चार की हालत गंभीर बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार छिंदिया गांव की महिलाएं दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने बिलारो गांव गई थीं। कार्यक्रम के बाद करीब 15 महिलाएं ऑटो में सवार होकर अपने गांव लौट रही थीं। इसी दौरान सावारांवा के पास बैकुंठपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने ऑटो को टक्कर मार दी।

हादसा इतना भीषण था कि ऑटो में सवार कई महिलाएं उछलकर सड़क पर जा गिरीं। टक्कर से ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल घायलों को बाहर निकाला और पटना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। हादसे में फुलकुंवर पति महेंद्र सिंह (50), रामबाई पति रामकुमार (60) और फुलकुंवर पति जगजीवन (60) की मौत हो गई। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया। गंभीर स्थिति वाली महिलाओं को बेहतर इलाज के लिए बैकुंठपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया है। कुछ महिलाओं को मामूली चोटें भी आई हैं।
पिकअप चालक वाहन लेकर फरार
पटना थाना प्रभारी प्रमोद पांडेय के मुताबिक हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। आरोपी वाहन की पहचान के लिए मार्ग में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जाएंगे।
दर्दनाक सड़क हादसा : पिकअप पलटने से 16 की मौत, 4 महिलाओं की एक ही चिता पर विदाई

