छत्तीसगढ़ में सड़क व पुल निर्माण को मिली मंजूरी, 672 करोड़ से बदलेंगे प्रदेश के रास्ते, 24 परियोजनाओं को हरी झंडी

      Date:

      • प्रदेशवासियों को बेहतर, तेज और सुरक्षित आवागमन की मिलेगी सुविधा : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

      • ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की कनेक्टिविटी होगी मजबूत, आर्थिक गतिविधियों को भी मिलेगी गति : उप मुख्यमंत्री अरुण साव

      रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। बरसात के बाद छत्तीसगढ़ में सड़क और पुल निर्माण के काम तेजी से शुरू होंगे। राज्य शासन ने 672 करोड़ 22 लाख 30 हजार रुपए की लागत वाले 24 महत्वपूर्ण कार्यों की निविदाओं को मंजूरी दे दी है। इनमें नई सड़कों और पुलों के निर्माण के साथ मौजूदा सड़कों का उन्नयन, चौड़ीकरण, मजबूतीकरण, विद्युतीकरण और सौंदर्यीकरण शामिल है। लोक निर्माण विभाग ने संबंधित अधिकारियों को चयनित ठेकेदारों और निर्माण एजेंसियों को जल्द कार्यादेश जारी कर निर्माण शुरू कराने के निर्देश दिए हैं।

          मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि मजबूत सड़क और पुल अधोसंरचना राज्य सरकार की विकास प्राथमिकताओं में शामिल है। बेहतर सड़कें गांवों और शहरों के बीच आवागमन आसान करने के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, बाजार और अन्य जरूरी सेवाओं तक लोगों की पहुंच को सुगम बनाएंगी। उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं। उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने कहा कि प्रदेश में सड़क और पुल अधोसंरचना का विस्तार योजनाबद्ध तरीके से किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को बरसात के बाद निर्माण कार्यों में तत्काल गति लाने और सभी परियोजनाओं को तय समय में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। मंजूर किए गए 24 कार्यों में नई सड़कों के सात, पुल एवं पहुंच मार्ग के दो, सड़क उन्नयन के तीन तथा चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण के 12 कार्य शामिल हैं। इन परियोजनाओं से प्रदेश के अलग-अलग जिलों में सड़क नेटवर्क को मजबूती मिलेगी।

          दुर्ग, धमतरी और राजनांदगांव में नई सड़कें

          दुर्ग जिले में पुलगांव पुल मुख्य मार्ग से अंजोरा-रसमड़ा राज्य मार्ग तक 5.28 किलोमीटर फोरलेन सड़क का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए 28 करोड़ 2 लाख 70 हजार रुपए की निविदा मंजूर हुई है। धमतरी में 3.50 किलोमीटर फोरलेन गौरव पथ के निर्माण एवं सौंदर्यीकरण के लिए 19 करोड़ 26 लाख 10 हजार रुपए मंजूर किए गए हैं। राजनांदगांव के डोंगरगढ़ में आठ किलोमीटर फोरलेन परिक्रमा पथ के लिए 46 करोड़ 22 लाख 8 हजार रुपए की निविदा स्वीकृत हुई है। इसके अलावा बिलासपुर, महासमुंद, बलरामपुर-रामानुजगंज और रायगढ़ जिलों में भी नई सड़कों के निर्माण को मंजूरी मिली है।

          अरपा और खारून नदी पर बनेंगे उच्च स्तरीय पुल

          बिलासपुर जिले में अरपा नदी और खारून नदी पर दो उच्च स्तरीय पुलों का निर्माण होगा। लोधीपारा-कोनी मार्ग में अरपा नदी पर पुल एवं पहुंच मार्ग के लिए 17 करोड़ 63 लाख 32 हजार रुपए तथा चोरहादेवरी-परसदा मार्ग में खारून नदी पर पुल के लिए 7 करोड़ 68 लाख 16 हजार रुपए की निविदा मंजूर की गई है। बलरामपुर-रामानुजगंज, रायपुर और रायगढ़ में करीब 79 करोड़ रुपए की लागत से तीन महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं का उन्नयन किया जाएगा। वहीं धमतरी में कई प्रमुख मार्गों का चौड़ीकरण और मजबूतीकरण किया जाएगा। रायगढ़ जिले में फोरलेन सड़क निर्माण के साथ विद्युतीकरण के कार्य भी होंगे। रायगढ़-लोइंग-महापल्ली मार्ग और रायगढ़-कोतरा-नंदेली मार्ग के पांच-पांच किलोमीटर हिस्से के लिए करीब 107 करोड़ रुपए की निविदाएं मंजूर की गई हैं।

          कांकेर से सरगुजा तक सड़क नेटवर्क मजबूत होगा

          कांकेर-भानुप्रतापपुर-संबलपुर मार्ग के 36.80 किलोमीटर हिस्से के चौड़ीकरण और मजबूतीकरण के लिए 85 करोड़ 83 लाख 4 हजार रुपए की मंजूरी दी गई है। इसके अलावा बेमेतरा, दुर्ग, सरगुजा और महासमुंद जिलों में भी लंबी दूरी की सड़कों के मजबूतीकरण और चौड़ीकरण के काम होंगे। राज्य शासन ने अधिकारियों को निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और निर्धारित समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए हैं। कार्यपालन अभियंताओं को विभागीय मापदंडों के अनुसार कार्यों की निगरानी और समय पर पूरा कराने की जिम्मेदारी दी गई है। शासन ने स्पष्ट किया है कि स्वीकृत कार्यों को किसी अन्य एजेंसी को उप-ठेके पर नहीं दिया जा सकेगा और कार्यों में निर्धारित नियमों का पालन अनिवार्य होगा।

          https://dprcg.gov.in/post/1790952198/Raipur-Road-and-bridge-construction-to-gain-momentum-after-the-monsoon-tenders-approved-for-24-projects-worth-over-₹672-crore

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related