रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नई दिल्ली में भाजपा की राष्ट्रीय महासचिव एवं छत्तीसगढ़ की प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी से उनके निवास पर सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश में चल रहे विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और बस्तर में हो रहे बदलावों को लेकर विस्तार से चर्चा की।

मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री साय ने बस्तर क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, सिंचाई, पर्यटन, रोजगार और आजीविका से जुड़े कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दूरस्थ क्षेत्रों तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने महिलाओं के सशक्तिकरण, युवाओं के कौशल विकास एवं रोजगार, किसानों की आय बढ़ाने और कृषि आधारित गतिविधियों से जुड़ी योजनाओं की भी जानकारी साझा की। इसके साथ ही आदिवासी समुदायों के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य और आजीविका से संबंधित योजनाओं की प्रगति से भी स्मृति ईरानी को अवगत कराया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदेश के हर वर्ग तथा दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंचे।

