राजधानी में करीब 1 लाख खाते हो सकते हैं प्रभावित, समय पर सत्यापन नहीं कराया तो रुक जाएगा लेनदेन
रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। बैंक खाताधारकों के लिए जरूरी सूचना है। जिन लोगों ने लंबे समय से अपने बैंक खाते की केवाईसी (ग्राहक पहचान सत्यापन) नहीं कराई है, उन्हें 30 अक्टूबर तक यह प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी गई है। तय समय तक केवाईसी अपडेट नहीं कराने पर खातों को फ्रीज किया जा सकता है, जिसके बाद उनसे लेनदेन करना संभव नहीं होगा।
भारतीय स्टेट बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा समेत कई बैंकों की शाखाओं में इस संबंध में सूचना भी लगाई गई है। बैंकों की ओर से ऐसे खाताधारकों को एसएमएस के माध्यम से भी केवाईसी अपडेट कराने की जानकारी दी जा रही है। बैंकों के अनुसार शहर की शाखाओं में बड़ी संख्या में ऐसे खाते हैं, जिनमें एक से पांच साल तक कोई सक्रिय लेनदेन नहीं हुआ है। ऐसे खातों के धारकों को अपनी पहचान संबंधी जानकारी और दस्तावेज अपडेट कराने होंगे। रायपुर में अलग-अलग बैंकों के करीब एक लाख खाते प्रभावित होने की संभावना बताई जा रही है। यदि खाता फ्रीज हो जाता है तो खाताधारक आधार कार्ड और पैन कार्ड की छायाप्रति के साथ पासपोर्ट आकार की फोटो जमा कर उसे दोबारा चालू करा सकता है। दस्तावेज जमा करने के बाद करीब 24 घंटे में खाता फिर से सक्रिय किए जाने की जानकारी दी गई है।
किन खातों के लिए केवाईसी जरूरी
- नया बचत, चालू, एफडी या डीमैट खाता खुलवाने वाले ग्राहक।
- पुराने खाताधारक जिन्हें केवाईसी या पुनः केवाईसी की जरूरत है।
- आधार कार्ड में नाम या पता बदलने वाले ग्राहक।
- निष्क्रिय या लंबे समय से इस्तेमाल नहीं किए गए खाते।
- उच्च जोखिम वाले ग्राहकों को निर्धारित अंतराल पर केवाईसी अपडेट करानी पड़ सकती है।

