किराए के मकान में छिपाकर रखा था रेलवे का सामान, गैस कटर और 6 सिलेंडर भी जब्त
कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। छत्तीसगढ़ रेल कॉरिडोर के निर्माण के बीच रेलवे की पटरियों की चोरी का मामला सामने आया है। जटगा चौकी क्षेत्र के बरमपुर गांव में पुलिस ने एक मकान में दबिश देकर करीब 12-12 फीट लंबी 32 कटी हुई रेलवे पटरियां बरामद की हैं। मौके से गैस कटर, छह गैस सिलेंडर, स्वराज माजदा वाहन और बड़ी संख्या में अन्य औजार भी जब्त किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार जिस मकान से रेलवे की पटरियां बरामद हुई हैं, वह आखिर लाल का बताया जा रहा है। मकान को राजू कुमार नामक युवक ने किराए पर लिया था। जानकारी के मुताबिक राजू छत्तीसगढ़ रेल कॉरिडोर के तहत नई रेल लाइन निर्माण में लगी एक निजी कंपनी में काम करता था। पुलिस को सूचना मिली थी कि मकान में रेलवे निर्माण से जुड़ी सामग्री संदिग्ध तरीके से रखी गई है। सूचना की पुष्टि के बाद टीम ने वहां दबिश दी। तलाशी के दौरान बड़ी संख्या में कटी हुई रेल पटरियां मिलीं। पुलिस को आशंका है कि निर्माण कार्य के दौरान रेलवे की पटरियां चोरी कर इस मकान में लाई गईं और गैस कटर की मदद से उन्हें काटकर अलग-अलग हिस्सों में रखा गया। हालांकि पटरियां वास्तव में कहां से लाई गईं और इस मामले में कितने लोग शामिल हैं, इसका खुलासा जांच के बाद ही होगा। कार्रवाई के दौरान पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही संदिग्ध राजू कुमार मौके से फरार हो गया। पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी है। साथ ही जब्त सामान की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि बरामद पटरियां निर्माणाधीन रेल लाइन के किस हिस्से से गायब हुई थीं।
रेलवे और कंपनी अधिकारियों को दी सूचना
जटगा चौकी प्रभारी भीम यादव के अनुसार बरामद सामग्री रेलवे निर्माण से संबंधित है। मामले की जानकारी रेलवे के संबंधित अधिकारियों और निर्माण कार्य में लगी कंपनी के अधिकारियों को दे दी गई है। जब्त सामान की जांच के साथ फरार आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि पटरियां कहां से चोरी हुईं, उन्हें यहां कौन लेकर आया और क्या इसके पीछे कोई संगठित कबाड़ गिरोह सक्रिय है। आरोपी की गिरफ्तारी और पूछताछ के बाद पूरे मामले का खुलासा होने की उम्मीद है।

