जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति नहीं मिलने के बाद पुलिस की कार्रवाई तेज, 25 हजार से अधिक जवानों की तैनाती, 45 मेट्रो स्टेशन बंद
नई दिल्ली (एजेंसी)। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन को लेकर तनाव का माहौल बना हुआ है। जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति नहीं मिलने के बावजूद समर्थकों के जुटने की कोशिशों के बीच दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके सहित कई लोगों को हिरासत में लिया गया है। यूट्यूबर ध्रुव राठी और संगठन की कानूनी प्रमुख रत्ना को भी हिरासत में लिए जाने की जानकारी सामने आई है।

प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी गई है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के 25 हजार से अधिक जवानों की तैनाती की योजना बताई गई है। संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ाई गई है, वहीं प्रदर्शनकारियों की गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है। सीजेपी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करना चाहती है। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर पर प्रस्तावित कार्यक्रम को अनुमति देने से इनकार कर दिया है। पुलिस का कहना है कि प्रदर्शन के लिए निर्धारित समयसीमा के भीतर आवेदन नहीं किया गया था और पहले के कुछ प्रदर्शनों में नियमों के कथित उल्लंघन की घटनाएं भी सामने आई थीं। सीजेपी ने प्रदर्शन की अनुमति के लिए 7 अक्टूबर को आवेदन किया था, जबकि कार्यक्रम 10 अक्टूबर को प्रस्तावित था। पुलिस ने नई दिल्ली क्षेत्र में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 लागू होने का हवाला देते हुए नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है।
45 मेट्रो स्टेशनों के प्रवेश-निकास द्वार बंद
प्रदर्शन के मद्देनजर दिल्ली मेट्रो की सेवाओं पर भी असर पड़ने की जानकारी दी गई है। दिल्ली मेट्रो रेल निगम के अनुसार, 10 अक्टूबर को शाम 6 बजे तक 45 मेट्रो स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार बंद रखने की घोषणा की गई है। इनमें राजीव चौक, नई दिल्ली, केंद्रीय सचिवालय, पटेल चौक और कश्मीरी गेट जैसे प्रमुख स्टेशन शामिल हैं। इससे यात्रियों को आवागमन में परेशानी हो सकती है। राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था के बीच रेल यातायात प्रभावित होने की भी खबर है। जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह 4 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन पहुंचने वाली 250 से अधिक रेलगाड़ियों को रद्द कर दिया गया है यात्रियों को सलाह दी गई है कि यात्रा से पहले अपनी रेलगाड़ी की स्थिति की पुष्टि कर लें।

