मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का बड़ा फैसला, पेराई सत्र 2025-26 की खरीदी का भुगतान भी बढ़ी दर से होगा
रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। छत्तीसगढ़ के गन्ना उत्पादक किसानों के हित में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। अब प्रदेश के शक्कर कारखानों में गन्ने की खरीदी 425 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की जाएगी। साथ ही पेराई सत्र 2025-26 में खरीदे गए गन्ने का भुगतान भी बढ़ी हुई दर के अनुसार किया जाएगा। इस निर्णय से गन्ना किसानों को आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से शनिवार को भारतीय किसान संघ, छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधिमंडल ने सौजन्य भेंट की। प्रतिनिधिमंडल में संगठन मंत्री मनीष शर्मा, महामंत्री नवीन शेष सहित अन्य पदाधिकारी और सदस्य शामिल थे। इस दौरान उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा भी उपस्थित रहे। बैठक में किसानों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। गन्ना उत्पादक किसानों की समस्याओं और उनके हितों को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री ने गन्ने की खरीदी दर बढ़ाकर 425 रुपये प्रति क्विंटल करने का निर्णय लिया।
खेती को लाभकारी बनाना सरकार की प्राथमिकता
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि किसानों की खुशहाली समृद्ध छत्तीसगढ़ का आधार है। राज्य सरकार का प्रयास है कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिले, खेती लाभकारी बने और किसान परिवार आर्थिक रूप से मजबूत हों। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने, कृषि लागत कम करने तथा खेती को अधिक लाभकारी बनाने के लिए लगातार काम कर रही हैं। किसानों की समस्याओं और जरूरतों को ध्यान में रखकर सरकार प्राथमिकता से निर्णय ले रही है।
किसान संघ ने जताया आभार
भारतीय किसान संघ के प्रतिनिधिमंडल ने गन्ना खरीदी की दर बढ़ाने के निर्णय पर मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया। संघ के प्रतिनिधियों ने कहा कि इस फैसले से प्रदेश के गन्ना उत्पादक किसानों को लाभ मिलेगा और उन्हें अपनी मेहनत का बेहतर प्रतिफल प्राप्त होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि खेती-किसानी मजबूत होने से गांवों की अर्थव्यवस्था सशक्त होगी और ग्रामीण समृद्धि के माध्यम से छत्तीसगढ़ के विकास को गति मिलेगी।
मातृशक्ति के सम्मान और आत्मनिर्भरता का मजबूत आधार बनी महतारी वंदन योजना : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

