जादू-टोने के शक में बुजुर्ग दंपती की कुल्हाड़ी से हत्या, महिला के जेवर भी लूटे, आरोपी गिरफ्तार

      Date:

      • मां की मौत के लिए दंपती को मानता था जिम्मेदार, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हथियार और गहने किए बरामद

      रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। राजधानी रायपुर के नजदीक आरंग थाना क्षेत्र के बिरबिरा गांव में जादू-टोने के शक में एक बुजुर्ग दंपती की बेरहमी से हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी रॉकी साहू (22) को संदेह था कि दंपती ने जादू-टोना कर उसकी मां की जान ली थी। इसी शक के चलते उसने कुल्हाड़ी और हंसिया से हमला कर दोनों की हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी महिला के शरीर से सोने-चांदी के जेवर निकालकर फरार हो गया था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।

          बुजुर्ग दंपती

          मृतकों की पहचान सदाशी साहू (65) और उनकी पत्नी आसबती साहू (62) के रूप में हुई है। घटना 6 अक्टूबर की रात की बताई जा रही है। खाना खाने के बाद दंपती अपने घर में सो रहे थे। इसी दौरान आरोपी कथित तौर पर छत के रास्ते उनके घर में दाखिल हुआ। आरोप है कि उसने पहले एक कमरे में सो रहे सदाशी साहू के सिर पर कुल्हाड़ी से वार किया। इसके बाद दूसरे कमरे में सो रही आसबती साहू पर हमला किया। महिला के सिर, चेहरे और गले पर वार करने के बाद हंसिया से भी हमला किया गया। दोनों की मौत हो गई। पुलिस जांच के मुताबिक, आरोपी की मां की करीब एक साल पहले मौत हो गई थी। इसके बाद से वह बुजुर्ग दंपती पर जादू-टोना करने और अपनी मां की मौत का जिम्मेदार होने का शक करता था। इसी रंजिश में उसने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

          हत्या के बाद जेवर लेकर हुआ फरार

          पुलिस के अनुसार, वारदात के बाद आरोपी महिला के शरीर पर पहने चांदी के कमरबंध, ऐंठी, माला और सोने के जेवर के साथ घर में रखे कुछ अन्य आभूषण भी ले गया। उसने कथित तौर पर खून लगे हथियारों को धोकर बोरी में रखा और तामासिवनी मार्ग के किनारे झाड़ियों में छिपा दिया। 8 अक्टूबर को गांव के सरपंच चम्मन लाल साहू ने पुलिस को घर में दंपती के शव मिलने की सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो दोनों के शव अलग-अलग कमरों में मिले। मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वाड और फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर कुल्हाड़ी, हंसिया, खून लगी जींस और लूटे गए सोने-चांदी के जेवर बरामद किए हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले में छत्तीसगढ़ टोनही प्रताड़ना अधिनियम के तहत भी धाराएं जोड़ी गई हैं। पुलिस आगे की जांच कर रही है।

          जमीन विवाद में बुजुर्ग दंपती की हत्या कर शव जलाए, दो सगे भाई गिरफ्तार, पुलिस डॉग ‘रूबी’ की मदद से खुला राज

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related