जमीन विवाद में बुजुर्ग दंपती की हत्या कर शव जलाए, दो सगे भाई गिरफ्तार, पुलिस डॉग ‘रूबी’ की मदद से खुला राज

      Date:

      • रिटायर्ड SECL कर्मचारी और पत्नी पर कुल्हाड़ी से किया हमला, आग लगाकर हादसा दिखाने की कोशिश

      रायगढ़ (AkhandBharatHNKP.Com)। रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र के क्रोंधा गांव में हुए बुजुर्ग दंपती की सनसनीखेज हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जमीन विवाद के चलते रिटायर्ड SECL कर्मचारी मंगलूराम राठिया (65) और उनकी पत्नी पुनई बाई राठिया (55) की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी गई। इसके बाद आरोपियों ने दोनों शवों को आग के हवाले कर वारदात को हादसा साबित करने की कोशिश की। पुलिस ने मामले में दो सगे भाइयों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

          जमीन विवाद

          पुलिस के अनुसार, 15 जुलाई को दंपती के जले हुए शव उनके घर में मिले थे। सूचना पर पुलिस, एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। पोस्टमार्टम और घटनास्थल से जुटाए गए वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर हत्या और साक्ष्य मिटाने का मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान घटनास्थल पर मिली हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी की गंध के आधार पर पुलिस डॉग ‘रूबी’ सीधे संदेही श्यामलाल राठिया तक पहुंची। तकनीकी साक्ष्य, एफएसएल रिपोर्ट और गवाहों के बयान के आधार पर पुलिस ने श्यामलाल राठिया (32) और उसके भाई जीवनलाल राठिया (48) से पूछताछ की, जिसमें दोनों ने हत्या करना स्वीकार कर लिया।

          जमीन की रंजिश बनी हत्या की वजह

          पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वर्ष 2013 में उन्होंने चार एकड़ जमीन का सौदा किया था, लेकिन बाद में मंगलूराम राठिया ने अधिक कीमत देकर वह जमीन खरीद ली और वहीं मकान बनाकर खेती करने लगे। इसी रंजिश के चलते दोनों भाइयों ने हत्या की साजिश रची। 14 जुलाई की रात दोनों आरोपी कुल्हाड़ी लेकर दंपती के घर पहुंचे। दरवाजा खुलते ही मंगलूराम राठिया पर ताबड़तोड़ वार कर उनकी हत्या कर दी। शोर सुनकर बाहर आई उनकी पत्नी पुनई बाई को भी मौत के घाट उतार दिया।

          शव जलाकर मिटाए सबूत

          वारदात के बाद आरोपियों ने दोनों शवों पर कपड़े और अन्य सामान डालकर आग लगा दी। साथ ही घर के दो कमरों में भी आग लगा दी, ताकि घटना को आगजनी की दुर्घटना का रूप दिया जा सके। फरार होने से पहले आरोपी हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी वहीं छोड़ गए। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी और वारदात के समय पहने गए कपड़े बरामद कर लिए हैं। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

          जमीन विवाद में भाई बना भाई का हत्यारा, पुलिस ने किया गिरफ्तार

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related