उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य और महापौर संजूदेवी राजपूत की अध्यक्षता में हुआ आयोजन, हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ
कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत नगर पालिक निगम कोरबा के सर्वमंगला नगर जोन में ‘सरकार आपके द्वार’ शिविर का आयोजन किया गया। उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य और महापौर संजूदेवी राजपूत की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में आम नागरिकों की समस्याओं का मौके पर निराकरण किया गया। साथ ही शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया।

राज्य शासन के निर्देशानुसार जिला प्रशासन और नगर निगम कोरबा द्वारा 17 सितंबर से सेवा संकल्प अभियान एवं सेवा सेतु अभियान के तहत निगम के सभी जोन में शिविर लगाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में सर्वमंगला नगर जोन कार्यालय में अंतिम शिविर आयोजित किया गया। इस दौरान उद्योग मंत्री और महापौर ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का निरीक्षण किया। कार्यक्रम में निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर सहित मेयर इन काउंसिल के सदस्य, पार्षद और एल्डरमेन उपस्थित रहे।
शिविर को संबोधित करते हुए उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 18 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान और सेवा सेतु अभियान संचालित किया जा रहा है। इसके तहत विभिन्न स्थानों पर ‘सरकार आपके द्वार’ शिविर लगाकर नागरिकों की समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जा रहा है और पात्र हितग्राहियों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक सेवा कार्यकाल में देश के विकास के लिए अनेक महत्वपूर्ण कार्य हुए हैं। केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से करोड़ों लोगों को लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के कार्यकाल में छत्तीसगढ़ के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए गए, वहीं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है।
कार्यक्रम में मेयर इन काउंसिल सदस्य नरेंद्र देवांगन, भानुमति जायसवाल, पार्षद प्रेमकुमार साहू, आरती सिंह, रामाधार पटेल, माधव जायसवाल, भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रफुल्ल तिवारी, मंडल अध्यक्ष मनीष मिश्रा, अपर आयुक्त पवन वर्मा, जोन कमिश्नर सुनील टांडेय, निगम सचिव रामेश्वर सिंह कंवर सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
समस्याओं के निराकरण के लिए निगम प्रतिबद्ध
महापौर संजूदेवी राजपूत ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित शिविरों से आम नागरिकों को प्रत्यक्ष लाभ मिल रहा है। नगर निगम कोरबा जनता की समस्याओं का त्वरित निराकरण करने के लिए प्रतिबद्ध है। एक ओर नागरिकों की समस्याएं दूर की जा रही हैं, वहीं दूसरी ओर शहर में छोटे-बड़े विकास कार्य भी कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कोरबा के विकास में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव और उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन का लगातार मार्गदर्शन मिल रहा है। निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने कहा कि ‘सरकार आपके द्वार’ शिविरों का उद्देश्य नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत दिलाना है। प्रशासन के 18 विभाग नागरिकों के जोन और वार्ड तक पहुंचकर उनकी समस्याओं का निराकरण कर रहे हैं।
हितग्राहियों को सहायता राशि, आवास की चाबी और सहायक उपकरण वितरित
शिविर में उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन और महापौर संजूदेवी राजपूत ने विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को लाभ प्रदान किया। राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना के तहत आर्थिक सहायता, राशन कार्ड और प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को आवास की चाबियां वितरित की गईं। मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण योजना के हितग्राहियों को सांकेतिक चेक दिए गए। इसके अलावा जरूरतमंद हितग्राहियों को श्रवण यंत्र और छड़ी भी प्रदान की गई।
विभिन्न विभागों ने लगाए स्टाल
शिविर में नगर निगम, खाद्य विभाग, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, कौशल विकास, क्रेडा, महिला एवं बाल विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, श्रम, परिवहन, राजस्व, विद्युत, आदिवासी विकास, समाज कल्याण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, पुलिस, वाणिज्य एवं उद्योग, प्रधानमंत्री आवास योजना और आधार पंजीयन सहित विभिन्न विभागों के स्टाल लगाए गए। मुख्यमंत्री शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना के अंतर्गत संचालित मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जरूरत के अनुसार प्रयोगशाला जांच और दवाइयां भी उपलब्ध कराई गईं।

