सूंड से ठोकर मारने पर गड्ढे में गिरा ग्रामीण, बिलासपुर में इलाज के दौरान तोड़ा दम
कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। जिले के कटघोरा वन मंडल अंतर्गत पसान वन परिक्षेत्र के ग्राम खोड़री में हाथी के हमले से 40 वर्षीय ग्रामीण प्रताप सिंह वाकरे की मौत हो गई। वह गांव के पास जंगल में मौजूद करीब 52 हाथियों के झुंड को देखने कुछ अन्य ग्रामीणों के साथ गया था। इसी दौरान एक हाथी ने उस पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बिलासपुर के अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना बीती रात करीब 9 से 10 बजे के बीच की है। गांव के पास हाथियों की चिंघाड़ सुनकर प्रताप सिंह वाकरे अन्य ग्रामीणों के साथ उन्हें देखने पहुंचा था। इसी दौरान झुंड में शामिल एक हाथी ने ग्रामीणों को दौड़ाना शुरू कर दिया। सभी भागने लगे, लेकिन प्रताप पीछे रह गया। हाथी ने उसे सूंड से जोरदार ठोकर मारी, जिससे वह पास के गड्ढे में जा गिरा। हाथी के वापस झुंड में जाने के बाद ग्रामीणों ने प्रताप को गड्ढे से बाहर निकाला। वन विभाग को सूचना देकर उसे पसान के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर उसे बिलासपुर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी मिलने पर कटघोरा के प्रभारी एसडीओ एवं प्रशिक्षु आईएफएस मृगजा जलिंधर यादव और वन परिक्षेत्राधिकारी मनीष सिंह पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। अधिकारियों ने विभागीय नियमानुसार परिजनों को तत्काल सहायता राशि प्रदान की।
हाथियों से दूर रहने की अपील
पसान वन परिक्षेत्र में करीब 52 हाथियों का झुंड मौजूद है। वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि हाथियों को देखने के लिए उनके करीब न जाएं और न ही शोर-शराबा कर उन्हें भगाने की कोशिश करें। हाथियों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर तत्काल वन विभाग को जानकारी दें, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
कटघोरा वनमंडल के जलाशय में हाथियों का डेरा, पानी में मस्ती करते नजर आए 13 गजराज

