सीएसईबी स्थित शासकीय आवास में हुआ समारोह, बच्चों के पोषण, शिक्षा और संस्कार निर्माण में योगदान की सराहना
कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। सेवा संकल्प अभियान के समापन अवसर पर प्रदेश के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने कोरबा विधानसभा क्षेत्र की 430 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को सम्मानित किया। सीएसईबी स्थित शासकीय आवास में आयोजित समारोह में उन्हें पुष्पगुच्छ और उपहार भेंट कर जनसेवा में उनके योगदान की सराहना की गई।

मंत्री देवांगन ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता बच्चों के प्रारंभिक जीवन में पोषण, शिक्षा और अच्छे संस्कार देने के साथ गर्भवती महिलाओं एवं माताओं की देखभाल में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उनके प्रयासों से बच्चों के सर्वांगीण विकास और कुपोषण की रोकथाम में मदद मिलती है। उन्होंने बताया कि 17 सितंबर से शुरू हुए सेवा संकल्प अभियान के तहत कोरबा में स्वच्छता अभियान, आंगन मिलन, भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिता, रक्तदान शिविर और जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान के दौरान आशीर्वाद का दीया पहल के अंतर्गत पांच लाख से अधिक दीप प्रज्वलित किए गए। मंत्री ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं का सम्मान उनकी सेवा भावना के प्रति आभार व्यक्त करने का अवसर है। कार्यक्रम में प्रीति स्वर्णकार, प्रफुल्ल तिवारी, लक्ष्मण श्रीवास, रुक्मणी नायर, योगेश जैन, मुकुंद कंवर सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अतिथि उपस्थित रहे।

मंत्री देवांगन ने कहा कि जिला खनिज संस्थान न्यास (डीएमएफ) मद से सड़क, पुल-पुलिया सहित विभिन्न विकास कार्य कराए जा रहे हैं। आंगनबाड़ी केंद्रों की जर्जर स्थिति में सुधार के लिए भी आवश्यक कदम उठाए गए हैं। उन्होंने क्षेत्र में सड़क डामरीकरण कार्य के लिए 18 अक्टूबर को भूमिपूजन प्रस्तावित होने की जानकारी दी। महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को पूरा करने में जनभागीदारी महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि कोरबा विधानसभा क्षेत्र में 1,100 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य स्वीकृत किए गए हैं। इनमें सड़क, अधोसंरचना और आंगनबाड़ी केंद्रों के विकास से जुड़े कार्य शामिल हैं। भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी ने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चले अभियान में स्वच्छता, रक्तदान और आंगन मिलन सहित विभिन्न जनसेवा कार्यक्रम आयोजित किए गए। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के समर्पण की सराहना करते हुए स्वदेशी उत्पादों को अपनाने और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने का आह्वान किया।
नरेंद्र देवांगन ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता शासन की योजनाओं और सेवाओं को आम लोगों तक पहुंचाने की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। वे बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य, गर्भवती महिलाओं की देखभाल और कुपोषण की रोकथाम में योगदान देती हैं। उन्होंने सम्मानित कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को बधाई दी।

