28 लोगों ने किया स्वैच्छिक रक्तदान, आम नागरिकों को मिली जांच, दवा और स्वास्थ्य योजनाओं की सुविधाएं

कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। जिले में नागरिकों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवारी बाजार स्थित आदिवासी शक्ति पीठ में वृहद स्वास्थ्य एवं महारक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों ने पहुंचकर विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया। महारक्तदान शिविर में कलेक्टर कुणाल दुदावत ने स्वयं रक्तदान कर लोगों को इस पुनीत कार्य के लिए प्रेरित किया। उनके साथ जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन, निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, ओएसडी तरुण कुमार किरण सहित कुल 28 लोगों ने स्वैच्छिक रक्तदान किया।

कलेक्टर दुदावत ने कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। स्वस्थ व्यक्ति द्वारा किया गया रक्तदान मानव सेवा का सहज और महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने पात्र नागरिकों से आगे आकर रक्तदान अभियान में भाग लेने की अपील की। शिविर में नागरिकों के लिए ओपीडी, रक्तचाप, रक्त शर्करा, नेत्र परीक्षण, टीबी जांच और सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण की सुविधा उपलब्ध रही। आयुष्मान कार्ड से संबंधित सेवाओं के साथ नि:शुल्क दवाइयों का वितरण भी किया गया। आयुष विभाग की ओर से ओपीडी, स्वास्थ्य परीक्षण, पंचकर्म और योग से संबंधित जानकारी, योगाभ्यास तथा नि:शुल्क औषधियों की सुविधा दी गई। इससे नागरिकों को एक ही स्थान पर विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिला। शिविर में स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श, आयुष्मान कार्ड, टीबी जांच, नेत्र परीक्षण और आयुष सेवाओं के साथ जरूरतमंदों को नि:शुल्क दवाइयां उपलब्ध कराई गईं। वहीं महारक्तदान शिविर में अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों के जीवन बचाने में योगदान दिया।
अंगदान और नेत्रदान के लिए भी किया जागरूक
शिविर में अंगदान और नेत्रदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विशेष स्टॉल लगाया गया। लोगों को अंगदान और नेत्रदान के महत्व की जानकारी देकर संकल्प लेने के लिए प्रेरित किया गया। सीएमएचओ डॉ. एस.एन. केसरी ने नेत्रदान तथा काउंसलर वीणा मिस्त्री ने अंगदान का संकल्प लिया। रक्तदान करने वाले और अंगदान के लिए संकल्प लेने वाले लोगों को कलेक्टर द्वारा प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने लिया जायजा
जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह कंवर, गोपाल मोदी, कलेक्टर कुणाल दुदावत, जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन, निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, ओएसडी तरुण कुमार किरण, सीएमएचओ डॉ. एस.एन. केसरी, डीपीएम पद्माकर शिंदे सहित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने शिविर का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने नागरिकों से संवाद कर स्वास्थ्य सेवाओं का फीडबैक लिया और विभिन्न स्टॉलों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने जरूरतमंद लोगों तक शासन की स्वास्थ्य योजनाओं और सुविधाओं को पहुंचाने पर जोर दिया। कार्यक्रम में भारतीय रेडक्रॉस नियमावली पुस्तक का विमोचन भी किया गया। इसके माध्यम से रेडक्रॉस की गतिविधियों, सेवा भावना और मानवीय सहायता से जुड़ी जानकारी लोगों तक पहुंचाने की पहल की गई।
माय भारत स्वयंसेवकों ने संभाली व्यवस्था
शिविर के आयोजन में माय भारत के स्वयंसेवकों ने भी सक्रिय भूमिका निभाई। स्वयंसेवकों ने नागरिकों को विभिन्न स्वास्थ्य स्टॉल तक पहुंचने में सहायता की और शिविर की व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने में सहयोग किया। पुलिस विभाग की ओर से नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी भी दी गई। लोगों को फर्जी कॉल, संदेश, ऑनलाइन धोखाधड़ी और संदिग्ध गतिविधियों से सावधान रहने के लिए जागरूक किया गया। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इस शिविर में स्वास्थ्य सेवा, जनजागरूकता और जनभागीदारी को एक साथ जोड़ने का प्रयास किया गया। बड़ी संख्या में नागरिकों की सहभागिता ने आयोजन को सफल बनाया।
कलेक्टर दुदावत की पहल से स्थानीय हुनर को मिलेगा बाजार, दीपावली पर बांस के उत्पाद बनेंगे खास उपहार

