कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। जिले के रजगामार क्षेत्र में सात वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म और हत्या की घटना सामने आने के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है। तीन दिनों से लापता बच्ची का शव गुरुवार को करीम पोल्ट्री फार्म के पीछे झाड़ियों में मिला। पुलिस ने मामले में अमित चौहान नामक आरोपी को गिरफ्तार किया है। घटना से नाराज ग्रामीणों ने थाने का घेराव कर आरोपी को फांसी की सजा देने की मांग की। पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार आरोपी ने बच्ची को राशन दुकान के पास अकेला देखकर अपने साथ ले गया था। आरोप है कि इसके बाद उसने बच्ची के साथ दुष्कर्म कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार बच्ची का परिवार मूल रूप से सक्ती जिले का रहने वाला है। परिवार करीब चार महीने पहले रोजी-रोटी की तलाश में अपने चार बच्चों के साथ रजगामार आया था। यहां परिवार करीम पोल्ट्री फार्म में रहकर मजदूरी करता था। 19 अक्टूबर को दोपहर करीब डेढ़ बजे बच्ची के पिता ने उसे घर के पास स्थित राशन दुकान से सामान लाने भेजा था। लेकिन काफी देर तक उसके वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की। बच्ची का कोई पता नहीं चलने पर रजगामार चौकी में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने बच्ची की तलाश के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और स्थानीय लोगों से पूछताछ की। खोजबीन में डॉग स्क्वायड की भी मदद ली गई। दो दिनों तक तलाश जारी रहने के बाद गुरुवार को पोल्ट्री फार्म के पीछे झाड़ियों में बच्ची का शव मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की जांच शुरू की गई।
आरोपी गिरफ्तार, ग्रामीणों में भारी नाराजगी
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के अनुसार, तकनीकी जांच, स्थानीय स्तर पर जुटाई गई जानकारी और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर आरोपी अमित चौहान को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, घटना के दिन आरोपी अपनी दूसरी पत्नी से मिलने रावणभाठा आया था। मामले में भारतीय न्याय संहिता और पॉक्सो अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना की जानकारी सामने आने के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। लोगों ने थाने का घेराव कर आरोपी के लिए कड़ी से कड़ी सजा और फांसी की मांग की। पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपी को दोषी ठहराने और सजा तय करने का निर्णय न्यायालय द्वारा साक्ष्यों के आधार पर लिया जाएगा।
कोरबा में 7 वर्षीय मासूम हत्याकांड का मुख्य आरोपी अमित चौहान गिरफ्तार

