शराब और कोल घोटाले की जांच तेज, रायपुर में अनवर ढेबर के घर दबिश, भिलाई, बिलासपुर और राजनांदगांव में भी पहुंची जांच टीमें
रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। छत्तीसगढ़ में शराब और कोल घोटाले से जुड़े मामलों की जांच के सिलसिले में आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) और एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने शुक्रवार सुबह बड़ी कार्रवाई की। जांच एजेंसियों ने रायपुर, भिलाई, बिलासपुर और राजनांदगांव में कई कारोबारियों के घरों और व्यावसायिक परिसरों पर एक साथ छापेमारी की।
रायपुर में शराब कारोबारी अनवर ढेबर और वीआईपी स्टेट निवासी रियल एस्टेट कारोबारी सुदर्शन शर्मा के ठिकानों पर जांच टीम पहुंची। वहीं, राजनांदगांव में वैभव गोलछा और जय बग्गा के घर एवं व्यावसायिक परिसरों में तलाशी ली गई। राजनांदगांव में रायपुर से पहुंची करीब 20 अधिकारियों की टीम ने दो स्थानों पर एक साथ दबिश दी। सनसिटी के बी-ब्लॉक स्थित वैभव गोलछा के मकान और लालबाग निवासी कारोबारी जय बग्गा के घर व कार्यालय में जांच की गई। टीम दस्तावेजों, वित्तीय लेन-देन और मोबाइल-लैपटॉप सहित डिजिटल उपकरणों की पड़ताल कर रही है। भिलाई-3 के वसुंधरा नगर में ट्रांसपोर्टर जितेंद्र सिंह के घर सुबह करीब 8 बजे EOW-ACB की टीम पहुंची। वहीं, बिलासपुर के उसलापुर स्थित अलका एवेन्यू में कोल कारोबारी शाहबाज खान के आवास पर छापेमारी की गई। यहां कोल लेवी घोटाले से जुड़े मामले में जांच की जा रही है।फिलहाल जांच एजेंसियों ने छापेमारी के दौरान मिले दस्तावेजों, सामग्री और अन्य जानकारियों को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। कई शहरों में एक साथ हुई इस कार्रवाई से कारोबारी जगत में हलचल मची हुई है।

