साइबर ठगी के लिए किया मजबूर, पासपोर्ट छीनकर की मारपीट; पुलिस ने महाराष्ट्र की महिला आरोपी को किया गिरफ्तार
कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। विदेश में अच्छी नौकरी और आकर्षक वेतन का सपना दिखाकर कोरबा की एक युवती को साइबर ठगी करने वाले अंतरराष्ट्रीय गिरोह के जाल में फंसाने का मामला सामने आया है। फेसबुक पर बैंकॉक में नौकरी का विज्ञापन देखकर संपर्क करना युवती को भारी पड़ गया। आरोपियों ने उसे नौकरी दिलाने के बहाने पहले बेंगलुरु बुलाया और फिर थाईलैंड के रास्ते म्यांमार पहुंचा दिया। वहां उसका पासपोर्ट छीनकर बंधक बना लिया गया और भारतीय नागरिकों से ऑनलाइन ठगी करने के लिए मजबूर किया गया।

पीड़िता किसी तरह भारतीय दूतावास और स्थानीय प्रशासन की मदद से सुरक्षित भारत लौटी। इसके बाद उसने कोरबा के दर्री थाने में शिकायत दर्ज कराई। मामले की जांच के बाद पुलिस ने महाराष्ट्र के गोंदिया निवासी स्नेहा भथलाल बडोले (35) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दर्री क्षेत्र की युवती ने फेसबुक पर बैंकॉक में ऑफिस असिस्टेंट की नौकरी का विज्ञापन देखा था। इसमें प्रतिमाह करीब 30 हजार थाई भाट वेतन देने का प्रस्ताव था। युवती ने विज्ञापन में दिए गए मोबाइल नंबर पर संपर्क किया, जिसके बाद महिला लीजा और उसके साथियों ने उसे अपने जाल में फंसा लिया। आरोपियों ने नौकरी दिलाने का भरोसा देकर पहले उसे बेंगलुरु बुलाया। वहां से हवाई जहाज के जरिए थाईलैंड ले जाया गया और फिर सीमा पार कराकर म्यांमार के कुख्यात केके पार्क पहुंचा दिया गया। म्यांमार पहुंचते ही आरोपियों ने युवती का पासपोर्ट जब्त कर लिया और उसे बंधक बना लिया। पीड़िता के मुताबिक, वहां उसके साथ मारपीट और प्रताड़ना की गई। आरोपियों ने उसे फर्जी सोशल मीडिया खाते बनाने और ऑनलाइन ट्रेडिंग व निवेश का झांसा देकर भारतीय नागरिकों से ठगी करने के लिए मजबूर किया।
दूतावास की मदद से लौटी, एक महिला गिरफ्तार
किसी तरह पीड़िता ने भारतीय दूतावास से संपर्क किया। इसके बाद स्थानीय प्रशासन और दूतावास की मदद से उसकी भारत वापसी संभव हो सकी। कोरबा पहुंचने के बाद उसने दर्री थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अपराध क्रमांक 331/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 143(2) और 146 में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान महाराष्ट्र के गोंदिया निवासी स्नेहा भथलाल बडोले की संलिप्तता के साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से रिमांड प्राप्त की गई है। पुलिस मामले में गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
विदेशी नौकरी के नाम पर आने वाले प्रस्तावों से रहें सावधान
कोरबा पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर विदेश में नौकरी के आकर्षक विज्ञापनों पर बिना सत्यापन भरोसा न करें। किसी अनजान व्यक्ति को पासपोर्ट या जरूरी दस्तावेज न सौंपें। नौकरी के लिए विदेश जाने से पहले संबंधित कंपनी, नियुक्ति पत्र और भर्ती एजेंसी की पूरी जानकारी की जांच जरूर करें। संदिग्ध गतिविधि सामने आने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।
डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाकर रिटायर्ड प्रोफेसर से 1.4 करोड़ की ठगी, 7 दिन तक रखा मानसिक दबाव में

