संजू त्रिपाठी हत्याकांड : सभी 22 आरोपी बरी, अदालत में हत्या की साजिश साबित नहीं कर सकी पुलिस

      Date:

      • बिलासपुर जिला न्यायालय ने सुनाया फैसला, मुख्य आरोपी भाई कपिल त्रिपाठी को भी मिली राहत; संपत्ति विवाद के चलते दिनदहाड़े हुई थी कांग्रेस नेता की हत्या

      बिलासपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित कांग्रेस नेता संजू त्रिपाठी हत्याकांड में शुक्रवार को जिला न्यायालय ने बड़ा फैसला सुनाते हुए सभी 22 आरोपियों को बरी कर दिया। अदालत में अभियोजन पक्ष हत्या की साजिश से जुड़े आरोपों को साबित नहीं कर सका। इसके चलते मुख्य आरोपी कपिल त्रिपाठी सहित सभी आरोपियों को संदेह का लाभ मिला।

          गौरतलब है कि 14 दिसंबर 2022 को बिलासपुर में संजू त्रिपाठी की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस हत्याकांड ने पूरे प्रदेश में सनसनी फैला दी थी। पुलिस जांच में हत्या के पीछे संपत्ति विवाद को प्रमुख वजह बताया गया था। जांच के दौरान संजू के भाई कपिल त्रिपाठी पर हत्या की साजिश रचने का आरोप लगा था। पुलिस के अनुसार, संजू त्रिपाठी और उनके भाई कपिल त्रिपाठी के बीच संपत्ति को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। दोनों का नाम विवादित जमीनों के कारोबार से भी जुड़ा रहा था। जांच में पुलिस ने दावा किया था कि इसी विवाद के चलते कपिल ने अपने भाई की हत्या की योजना बनाई और उत्तर प्रदेश से शूटर बुलवाए थे।

          सकरी बाइपास पर घेरकर मारी थी गोली

          पुलिस की जांच के मुताबिक, 14 दिसंबर 2022 को आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से संजू त्रिपाठी की गाड़ी को सकरी बाइपास के पास रोका था। इसके बाद हथियारबंद हमलावरों ने उनकी कार को घेरकर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। गंभीर रूप से घायल संजू की मौके पर ही मौत हो गई थी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी उत्तर प्रदेश की ओर फरार हो गए थे। मामले की जांच के बाद पुलिस ने कपिल त्रिपाठी सहित कुल 22 लोगों को आरोपी बनाया था। इनमें उत्तर प्रदेश के शूटर भी शामिल थे। पुलिस ने हत्या की साजिश और वारदात में अलग-अलग आरोपियों की भूमिका का दावा किया था।

          अदालत में साबित नहीं हो सके आरोप

          शुक्रवार, 30 अक्टूबर को जिला न्यायालय ने मामले में फैसला सुनाते हुए सभी 22 आरोपियों को बरी कर दिया। बचाव पक्ष के अधिवक्ता के अनुसार, अभियोजन पक्ष हत्या के षड्यंत्र को प्रमाणित करने में असफल रहा। इसी आधार पर अदालत ने आरोपियों को बरी कर दिया। इस फैसले के साथ ही प्रदेश के चर्चित संजू त्रिपाठी हत्याकांड में सभी आरोपियों को बड़ी राहत मिली है।

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related