बोले- अटल बिहारी वाजपेयी के सपनों का छत्तीसगढ़ बनाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध, नक्सलवाद से मुक्ति के बाद विकास की नई राह पर प्रदेश
रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 1 नवंबर को छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य की स्थापना के 26 वर्ष पूरे होना प्रत्येक प्रदेशवासी के लिए गर्व और गौरव का विषय है। यह अवसर राज्य के अब तक के विकास, उपलब्धियों और भविष्य की संभावनाओं पर विचार करने का भी है।
मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण में पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनके दूरदर्शी नेतृत्व और दृढ़ संकल्प के कारण अलग छत्तीसगढ़ राज्य का सपना साकार हुआ। राज्य गठन के बाद प्रदेश को अपनी अलग पहचान मिली और विकास की नई संभावनाओं के द्वार खुले। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अटल जी के समृद्ध और विकसित छत्तीसगढ़ के सपने को पूरा करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि इस वर्ष का राज्योत्सव ऐतिहासिक महत्व रखता है। छत्तीसगढ़ अब नक्सलवाद के अंधकार से निकलकर शांति, विश्वास और विकास के नए दौर में प्रवेश कर रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के दृढ़ संकल्प और केंद्र तथा राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से यह महत्वपूर्ण सफलता हासिल हुई है। उन्होंने कहा कि इस उपलब्धि के पीछे सुरक्षा बलों के जवानों का अदम्य साहस, शौर्य और सर्वोच्च बलिदान है। प्रदेश उनके योगदान को हमेशा सम्मान और कृतज्ञता के साथ याद रखेगा।
अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे विकास का लाभ
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य प्रदेश के प्रत्येक गांव में खुशहाली लाना, युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराना और समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, प्राकृतिक संपदा और मेहनतकश जनता की क्षमता प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
2047 तक विकसित छत्तीसगढ़ बनाने का संकल्प
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य स्थापना दिवस केवल अपनी उपलब्धियों पर गर्व करने का अवसर नहीं है, बल्कि भविष्य के लिए नए संकल्प लेने का भी दिन है। उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि सभी मिलकर वर्ष 2047 तक समृद्ध, सशक्त और विकसित छत्तीसगढ़ बनाने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेशवासियों के सामूहिक प्रयास, मेहनत और सहयोग से छत्तीसगढ़ विकास के नए आयाम स्थापित करेगा।
करम परब जनजातीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर, इसका संरक्षण हमारी जिम्मेदारी : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

