एवरेस्ट क्षेत्र के फेरीचे हेलीपैड पर सुबह हुआ हादसा, अलग-अलग दिशाओं से उतरने की कोशिश में आपस में भिड़े हेलिकॉप्टर
काठमांडू (एजेंसी)। नेपाल के एवरेस्ट क्षेत्र में मंगलवार सुबह बड़ा हेलिकॉप्टर हादसा हो गया। सोलुखुम्बु जिले के फेरीचे हेलीपैड पर लैंडिंग के दौरान दो हेलिकॉप्टर आपस में टकरा गए। हादसे में एक भारतीय पर्यटक की मौत हो गई, जबकि न्यूजीलैंड का एक नागरिक और दोनों हेलिकॉप्टरों के पायलट घायल हो गए।
दुर्घटना सुबह करीब 8:11 बजे हुई। दोनों हेलिकॉप्टर फिशटेल एयर और एयर डायनेस्टी कंपनी के बताए जा रहे हैं। अधिकारियों के मुताबिक, फिशटेल एयर में सवार भारतीय पर्यटक वसंत कुमार बालारामारामाडु की मौत हो गई। वहीं, न्यूजीलैंड के भारतीय मूल के नागरिक शैलेश कृष्ण पटेल घायल हो गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एक हेलिकॉप्टर लुकला से आ रहा था, जबकि दूसरा एवरेस्ट बेस कैंप के पास गोरक्षेप की ओर से लौट रहा था। दोनों एक ही हेलीपैड पर उतरने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान उनके रोटर ब्लेड आपस में टकरा गए। हेलीपैड पर बर्फ जमी होने को भी हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। हादसे के बाद राहत अभियान चलाकर घायल शैलेश कृष्ण पटेल को हेलिकॉप्टर से काठमांडू के मेडिसिटी अस्पताल पहुंचाया गया। मृतक का शव लुकला के अस्पताल ले जाया गया। दोनों पायलटों के घायल होने की भी जानकारी है।
चार दिन पहले उत्तराखंड में भी हुआ था हादसा
गौरतलब है कि 30 अक्टूबर को उत्तराखंड के चमोली जिले में बद्रीनाथ से देहरादून लौट रहा ट्रांस भारत एविएशन का हेलिकॉप्टर जोशीमठ के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इस हादसे में पायलट समेत सभी छह लोगों की मौत हो गई थी। दुर्घटना की जांच विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो कर रहा है। लगातार सामने आ रहे इन हादसों ने पर्वतीय क्षेत्रों में हेलिकॉप्टर संचालन और सुरक्षित लैंडिंग व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

