दीपावली पर भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक, 9 नवंबर तक बायपास से गुजरेंगे वाहन

      Date:

      • नगर में बढ़ती भीड़ और जाम की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने लिया निर्णय, 2 से 9 नवंबर तक प्रतिबंध तत्काल प्रभाव से लागू

      कटघोरा (AkhandBharatHNKP.Com)। दीपावली पर्व के मद्देनजर कटघोरा नगर में यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने और आम नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने भारी वाहनों के प्रवेश एवं आवागमन पर एक सप्ताह के लिए पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं दंडाधिकारी कटघोरा ने थाना प्रभारी के प्रतिवेदन के आधार पर यह आदेश जारी किया है।

          आदेश के मुताबिक 2 नवंबर से 9 नवंबर 2026 तक कटघोरा नगर क्षेत्र में भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इस अवधि में भारी वाहन चालकों को नगर के भीतर से गुजरने के बजाय कटघोरा बायपास मार्ग का उपयोग करना होगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रतिबंध तत्काल प्रभाव से लागू रहेगा। प्रशासन के अनुसार दीपावली के दौरान बाजारों और प्रमुख मार्गों पर आम नागरिकों एवं श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ जाती है। ऐसे में भारी वाहनों के नगर में प्रवेश से यातायात बाधित होने, जाम की स्थिति बनने और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। इन्हीं परिस्थितियों को देखते हुए जनसुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था के लिए यह कदम उठाया गया है।

          संबंधित विभागों को भेजा गया आदेश

          कटघोरा एसडीओपी विजय सिंह राजपूत ने बताया कि प्रतिबंध संबंधी आदेश तत्काल प्रभावशील है। आदेश की प्रतिलिपि पुलिस अधीक्षक कोरबा, अपर कलेक्टर कटघोरा, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस, जिला परिवहन अधिकारी, तहसीलदार, मुख्य नगर पालिका अधिकारी और थाना प्रभारी कटघोरा सहित संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेज दी गई है। प्रशासन ने पर्व के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया है।

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related