दशहरा कार्यक्रम में खूनी हमला : युवक की गर्दन पर धारदार हथियार से वार, अंधेरे का फायदा उठाकर हमलावर फरार

      Date:

      • रावण दहन के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान हुई वारदात, गंभीर हालत में युवक सिम्स बिलासपुर रेफर; अज्ञात आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

      कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। जिले में दशहरा कार्यक्रम के दौरान एक बार फिर चाकूबाजी की गंभीर वारदात सामने आई है। लेमरू थाना क्षेत्र के खैरभवना गांव में रावण दहन के बाद आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान एक युवक पर अज्ञात हमलावर ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में युवक की गर्दन पर गंभीर चोट आई है। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया, जहां से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सिम्स बिलासपुर रेफर कर दिया गया है।

          जानकारी के अनुसार, सतरेंगा निवासी राकेश कंवर अपने भाई राजू कंवर के साथ गुरुवार रात खैरभवना गांव में आयोजित दशहरा कार्यक्रम देखने पहुंचा था। रावण दहन के बाद वहां सांस्कृतिक कार्यक्रम चल रहा था। रात करीब दो बजे अचानक बिजली गुल हो गई। इसी दौरान राकेश मंच के पीछे अंधेरे की ओर गया। तभी किसी अज्ञात व्यक्ति ने उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। गर्दन पर वार लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था के लिए लेमरू थाना पुलिस के जवान तैनात थे। इसी दौरान एक आरक्षक की नजर घायल अवस्था में पड़े राकेश पर पड़ी। उसने तत्काल उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेमरू पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। बाद में बेहतर उपचार के लिए उसे सिम्स बिलासपुर भेजा गया। फिलहाल युवक की हालत नाजुक बताई जा रही है।

          भाई ने कहा- किसी से नहीं हुआ था विवाद

          घायल के छोटे भाई राजू कंवर के मुताबिक, रावण दहन और सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान किसी के साथ कोई विवाद नहीं हुआ था। उसे यह भी जानकारी नहीं है कि उसके भाई पर किसने और किन परिस्थितियों में हमला किया। अचानक हुई इस वारदात से कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि रावण दहन के बाद आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान युवक की गर्दन पर धारदार हथियार से हमला किया गया है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हमलावर की पहचान करने और उसकी तलाश के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

          दशहरा मैदान में पहले भी हो चुकी है चाकूबाजी की वारदात

          गौरतलब है कि कोरबा के मानिकपुर चौकी क्षेत्र स्थित दशहरा मैदान में भी रावण दहन कार्यक्रम के दौरान चाकू से हमला किए जाने की घटना सामने आई थी। उस वारदात में एक युवक की मौत हो गई थी। पुलिस ने मामले में आरोपियों को गिरफ्तार किया था। लगातार ऐसे आयोजनों के दौरान सामने आ रही हिंसक घटनाओं ने सार्वजनिक कार्यक्रमों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related

              जज के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने वाले टीआई पर गिरी गाज, एसएसपी ने किया लाइन अटैच

              बिलासपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। फैमिली कोर्ट के न्यायाधीश के खिलाफ एफआईआर दर्ज...