लाखों शासकीय कर्मचारियों और उनके आश्रित परिवारों को मिलेगी राहत, गंभीर बीमारी और आकस्मिक उपचार में नहीं होगी आर्थिक परेशानी
रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। छत्तीसगढ़ के शासकीय अधिकारियों और कर्मचारियों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्णय को मंत्रिपरिषद की मंजूरी मिलने पर छत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया है। इस संबंध में फेडरेशन के प्रतिनिधिमंडल ने 6 नवंबर को मुख्यमंत्री निवास में मुख्यमंत्री से सौजन्य मुलाकात कर उनका धन्यवाद ज्ञापित किया।
फेडरेशन के प्रांतीय संयोजक कमल वर्मा के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि कैशलेस चिकित्सा सुविधा प्रदेश के शासकीय कर्मचारियों और अधिकारियों की लंबे समय से लंबित प्रमुख मांग रही है। सरकार के इस निर्णय से लाखों शासकीय सेवकों के साथ उनके आश्रित परिजनों को भी बड़ी राहत मिलेगी। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि गंभीर बीमारी अथवा आकस्मिक चिकित्सा की स्थिति में कर्मचारियों को अब उपचार के लिए पहले बड़ी रकम की व्यवस्था करने और बाद में चिकित्सा प्रतिपूर्ति की लंबी प्रक्रिया से गुजरने जैसी परेशानियों से राहत मिलेगी। कैशलेस सुविधा से जरूरत के समय बेहतर उपचार प्राप्त करना आसान होगा और कर्मचारियों के परिवारों को आर्थिक सुरक्षा भी मिलेगी।
अभिनंदन समारोह में शामिल होने का दिया न्योता
फेडरेशन के पदाधिकारियों ने इस महत्वपूर्ण निर्णय के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए उन्हें फेडरेशन की ओर से आयोजित किए जाने वाले अभिनंदन समारोह में शामिल होने का आमंत्रण भी दिया। इस अवसर पर पंकज पाण्डेय, सत्येंद्र देवांगन, अश्वनी चेलक, जय कुमार साहू, पीताम्बर पटेल, आलोक मिश्रा, संतोष कुमार वर्मा सहित फेडरेशन के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
अग्निवीरों को दो साल अतिरिक्त सेवा का अवसर देने का निर्णय सराहनीय : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

