31 जनवरी 2027 को होगी अखिल भारतीय प्रवेश परीक्षा, 2 दिसंबर तक कर सकेंगे ऑनलाइन आवेदन
रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए सैनिक स्कूल अंबिकापुर सहित देशभर के सैनिक स्कूलों एवं नवीन सैनिक स्कूलों में कक्षा छठवीं और नौवीं में प्रवेश की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके लिए राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा अखिल भारतीय सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा (एआईएसएसईई-2027) आयोजित की जाएगी। प्रवेश परीक्षा 31 जनवरी 2027 को होगी। इच्छुक एवं पात्र विद्यार्थी 2 दिसंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
सैनिक स्कूल अंबिकापुर के प्राचार्य द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, रक्षा मंत्रालय के अधीन संचालित सैनिक स्कूल में कक्षा छठवीं एवं नौवीं में प्रवेश के लिए विद्यार्थियों का चयन प्रवेश परीक्षा के माध्यम से किया जाएगा। ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 3 नवंबर से प्रारंभ हो चुकी है। आवेदन के साथ परीक्षा शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 2 दिसंबर 2026 रात 11.50 बजे तक निर्धारित की गई है। निर्धारित समय तक आवेदन नहीं कर पाने वाले अभ्यर्थियों को विलंब शुल्क के साथ 3 से 6 दिसंबर तक आवेदन करने का अवसर मिलेगा। इसके लिए 500 रुपये अतिरिक्त शुल्क देना होगा। वहीं, आवेदन पत्र में हुई त्रुटियों को सुधारने के लिए 7 से 9 दिसंबर तक का समय निर्धारित किया गया है।
31 जनवरी को होगी प्रवेश परीक्षा
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी द्वारा प्रवेश परीक्षा 31 जनवरी 2027 को आयोजित की जाएगी। परीक्षा केंद्र के शहर की जानकारी 11 जनवरी 2027 को जारी होगी, जबकि प्रवेश पत्र 25 जनवरी से एनटीए की वेबसाइट पर उपलब्ध रहेंगे। परीक्षा बहुविकल्पीय प्रश्नों पर आधारित होगी तथा पेन-पेपर पद्धति से ओएमआर शीट के माध्यम से आयोजित की जाएगी। कक्षा छठवीं की प्रवेश परीक्षा के लिए 150 मिनट का समय निर्धारित है। यह परीक्षा 13 माध्यमों में होगी। वहीं कक्षा नौवीं की परीक्षा की अवधि 180 मिनट होगी और इसका आयोजन अंग्रेजी माध्यम में किया जाएगा।
एनटीए की वेबसाइट पर मिलेगी पूरी जानकारी
प्रवेश के इच्छुक विद्यार्थी एवं अभिभावक एनटीए की आधिकारिक वेबसाइट https://exams.nta.nic.in/sainik-school-society/ अथवा https://nta.ac.in/ पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। प्रवेश की पात्रता, आयु सीमा, आरक्षण, परीक्षा पाठ्यक्रम, शुल्क और अन्य आवश्यक दिशा-निर्देशों की जानकारी सूचना पुस्तिका में उपलब्ध है। परीक्षा से संबंधित किसी भी जानकारी अथवा समस्या के समाधान के लिए अभ्यर्थी एनटीए के हेल्पडेस्क नंबर 011-40759000 और 011-69227700 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा aissee@nta.ac.in पर ई-मेल भेजकर भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

