दिवंगत आरक्षक के परिवार को मिला 1 करोड़ 8 लाख रुपए का बीमा चेक, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने पत्नी को सौंपी राशि

      Date:

      • सैलरी पैकेज बीमा योजना बनी परिवार का सहारा, दिवंगत आरक्षक के पुत्र को पहले ही मिल चुकी है बाल आरक्षक के पद पर अनुकंपा नियुक्ति

          रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने महानदी भवन, नवा रायपुर में छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की 17वीं वाहिनी कबीरधाम में पदस्थ रहे दिवंगत आरक्षक सोनवीर कुमार की पत्नी प्रीति देवी को बैंक ऑफ बड़ौदा की सैलरी पैकेज बीमा योजना के तहत 1 करोड़ 8 लाख रुपए की बीमा राशि का चेक सौंपा।

          Family of the deceased constable receives an insurance cheque for Rs 1.08 crore 1

          इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने दिवंगत आरक्षक के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि किसी भी परिवार के लिए अपने सदस्य को खोने की क्षति अपूरणीय होती है। हालांकि, ऐसी कठिन परिस्थितियों में आर्थिक सुरक्षा की व्यवस्था परिवार को आगे बढ़ने का संबल प्रदान करती है। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि प्रदेश के पुलिसकर्मी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं। ऐसे में उनके परिवारों की सुरक्षा और कल्याण भी अत्यंत महत्वपूर्ण है।

          https://dprcg.gov.in/post/1794998533/Raipur-Deputy-Chief-Minister-Mr-Vijay-Sharma-handed-over-a-cheque-for-an-insurance-amount-of-Rs-1-08-crore-to-the-family-of-a-deceased-constable

          पुलिसकर्मियों के वेतन खातों से जुड़ी बीमा सुविधाएं आकस्मिक परिस्थितियों में उनके आश्रित परिवारों को आर्थिक सहायता प्रदान करने का महत्वपूर्ण माध्यम बन रही हैं। उन्होंने कहा कि इस बीमा सुरक्षा व्यवस्था का दायरा लगातार बढ़ाया जा रहा है। हाल ही में नगर सैनिकों एवं अग्निशमन कर्मियों को भी सैलरी पैकेज बीमा योजना से जोड़ा गया है, ताकि आपातकालीन परिस्थितियों में सेवाएं देने वाले इन जवानों और उनके परिवारों को भी बीमा सुरक्षा का लाभ मिल सके। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक प्रदीप गुप्ता, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक विवेकानंद सिन्हा, सीएएफ की 17वीं बटालियन के कमांडेंट कमलेश चंदेल, बैंक ऑफ बड़ौदा के महाप्रबंधक दिवाकर प्रसाद सिंह, उप महाप्रबंधक प्रभाकर कुमार एवं सहायक महाप्रबंधक मधुसूदन कुमार उपस्थित रहे।

          बीमा राशि के सुरक्षित निवेश के लिए मार्गदर्शन देने के निर्देश

          उप मुख्यमंत्री ने बैंक ऑफ बड़ौदा के अधिकारियों को निर्देशित किया कि बीमा राशि प्राप्त करने वाले परिवार को इसके सुरक्षित निवेश और समुचित वित्तीय प्रबंधन के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन दिया जाए। इससे यह राशि परिवार की दीर्घकालिक आर्थिक सुरक्षा और बच्चों के भविष्य के लिए उपयोगी साबित हो सकेगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को दिवंगत आरक्षक के परिवार को शासन की ओर से देय शेष सहायता एवं अन्य सुविधाएं भी शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

          12 वर्षों से अधिक समय तक पुलिस बल में दी सेवाएं

          उल्लेखनीय है कि स्वर्गीय सोनवीर कुमार छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की 17वीं वाहिनी कबीरधाम के अंतर्गत कैंप घाघरा में आरक्षक के पद पर पदस्थ थे। उन्होंने पुलिस बल में 12 वर्षों से अधिक समय तक अपनी सेवाएं दी थीं। विगत 22 दिसंबर 2025 को गोली लगने की घटना में उनका आकस्मिक निधन हो गया था। उनके निधन के बाद परिवार की आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बैंक ऑफ बड़ौदा के सैलरी पैकेज के अंतर्गत उनकी पत्नी एवं नामिनी प्रीति देवी को 1 करोड़ 8 लाख रुपए की बीमा राशि प्रदान की गई है। इसके अतिरिक्त उनके पुत्र दिवेश कुमार को बाल आरक्षक के रूप में अनुकंपा नियुक्ति भी दी जा चुकी है।

          पुलिसकर्मियों के साथ नगर सैनिकों और अग्निशमन कर्मियों को भी बीमा सुरक्षा

          छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा अपने अधिकारी-कर्मचारियों और उनके आश्रित परिवारों की आर्थिक सुरक्षा के लिए विभिन्न बैंकों के साथ सैलरी पैकेज संबंधी समझौते किए गए हैं। इन समझौतों के तहत पात्र पुलिसकर्मियों को वेतन खाते के साथ बीमा सुरक्षा की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। आकस्मिक मृत्यु अथवा दुर्घटना की स्थिति में निर्धारित प्रावधानों के अनुसार उनके आश्रित परिवारों को बीमा सहायता दी जाती है। इसी क्रम में नगर सैनिकों और अग्निशमन कर्मियों को भी इस बीमा सुरक्षा व्यवस्था से जोड़ा गया है। इससे पुलिस बल के साथ-साथ आपदा प्रबंधन, अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाओं में कार्यरत जवानों के परिवारों को आर्थिक सुरक्षा मिल सकेगी। बैंक ऑफ बड़ौदा द्वारा अब तक पुलिस बल के पांच कर्मियों के प्रकरणों में सैलरी पैकेज के अंतर्गत बीमा सहायता प्रदान की जा चुकी है। यह व्यवस्था कठिन परिस्थितियों में आश्रित परिवारों को वित्तीय सुरक्षा देने के साथ बच्चों की शिक्षा, भविष्य की आवश्यकताओं और परिवार की आर्थिक स्थिरता सुनिश्चित करने में सहायक हो रही है।

          उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा से इस्राइल के आर्थिक प्रतिनिधि ने की मुलाकात

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related