दिसंबर में बेंगलुरु में होगा प्रशिक्षण, चार युवाओं को लेवल-1 और एक को लेवल-2 प्रमाणन मिलने की उम्मीद, हिमालय की 5,340 मीटर ऊंची चोटी पर भी लहरा चुके हैं सफलता का परचम
रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के पांच आदिवासी युवाओं ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। इन युवाओं का चयन अमेरिका की प्रतिष्ठित संस्था प्रोफेशनल क्लाइंबिंग गाइड्स इंस्टीट्यूट (पीसीजीआई) के अंतरराष्ट्रीय रॉक क्लाइंबिंग गाइड प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए हुआ है। दिसंबर माह में बेंगलुरु में आयोजित होने वाले इस प्रशिक्षण से जशपुर के युवाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर की तकनीक, सुरक्षा मानकों और पेशेवर मार्गदर्शन का अनुभव मिलेगा।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा जनजातीय क्षेत्रों में पर्यटन की संभावनाओं को विकसित करने और स्थानीय युवाओं को रोजगार से जोड़ने के प्रयासों के बीच इसे महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण के लिए चयनित युवाओं में तेजल भगत, रुसनाथ भगत, सचिन कुजूर, प्रतीक नायक और रवि सिंह शामिल हैं। ये सभी युवा दिसंबर में बेंगलुरु में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। प्रशिक्षण के दौरान उन्हें रॉक क्लाइंबिंग की आधुनिक तकनीक, सुरक्षा उपकरणों के उपयोग, जोखिम प्रबंधन और पेशेवर गाइडिंग से जुड़ी बारीकियां सिखाई जाएंगी। प्रशिक्षण एवं मूल्यांकन सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद चार युवाओं को लेवल-1 तथा एक युवा को उन्नत लेवल-2 का प्रमाणन मिलने की उम्मीद है। इस उपलब्धि से जशपुर में अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप प्रशिक्षित रॉक क्लाइंबिंग गाइडों की टीम तैयार होने का रास्ता खुलेगा।
5,340 मीटर ऊंची चोटी पर बनाया नया चढ़ाई मार्ग
जशपुर के इन युवाओं की उपलब्धियां केवल प्रशिक्षण तक सीमित नहीं हैं। वर्ष 2025 में आयोजित ट्राइबल हिमालयन एक्सपीडिशन के दौरान टीम ने हिमाचल प्रदेश की पीर पंजाल पर्वत श्रृंखला में स्थित 5,340 मीटर ऊंचे जगत्सुख-1 शिखर पर सफलतापूर्वक चढ़ाई की थी। इस अभियान की खास बात यह रही कि युवाओं ने पर्वत की चोटी तक पहुंचने के लिए एक नया चढ़ाई मार्ग भी तैयार किया। इस मार्ग का नाम मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सम्मान में ‘विष्णु देव रूट’ रखा गया। अभियान में युवाओं ने साहस, अनुशासन, टीम भावना और पर्वतारोहण के तकनीकी कौशल का शानदार परिचय दिया था।
वर्ष 2024 में शुरू हुई थी पहल
जशपुर में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने और स्थानीय आदिवासी युवाओं को पर्वतारोहण एवं रॉक क्लाइंबिंग का प्रशिक्षण देने की पहल वर्ष 2024 में तत्कालीन कलेक्टर डॉ. रवि मित्तल के नेतृत्व में शुरू की गई थी। इसका उद्देश्य जिले की प्राकृतिक संपदा और भौगोलिक परिस्थितियों को पर्यटन से जोड़ते हुए स्थानीय युवाओं के लिए आजीविका के नए अवसर तैयार करना था। इस दिशा में छत्तीसगढ़ की माउंटेन गाइडिंग एवं आउटडोर प्रशिक्षण संस्था पहाड़ी बकरा एडवेंचर ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। संस्था ने युवाओं को शुरुआती स्तर से प्रशिक्षण देकर उन्हें राष्ट्रीय स्तर के साहसिक अभियानों के लिए तैयार किया। लगातार अभ्यास और मार्गदर्शन का ही परिणाम है कि आज ये युवा अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण के लिए चयनित हुए हैं।
साहसिक पर्यटन से खुलेंगे रोजगार के नए रास्ते
जशपुर जिला अपनी पहाड़ियों, चट्टानी क्षेत्रों, प्राकृतिक सुंदरता और समृद्ध जनजातीय संस्कृति के लिए जाना जाता है। यहां साहसिक पर्यटन की अपार संभावनाएं मौजूद हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रशिक्षित गाइड उपलब्ध होने से जिले में रॉक क्लाइंबिंग और पर्वतारोहण जैसी गतिविधियों को सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से बढ़ावा मिल सकेगा। इससे स्थानीय युवाओं को अपने ही क्षेत्र में गाइड, प्रशिक्षक और पर्यटन उद्यमी के रूप में काम करने का अवसर मिलेगा। साथ ही बाहर से आने वाले पर्यटकों को प्रशिक्षित स्थानीय गाइडों की सुविधा भी उपलब्ध हो सकेगी।
इको-कल्चरल पर्यटन के केंद्र के रूप में विकसित होगा जशपुर
जिला प्रशासन की योजना जशपुर को साहसिक पर्यटन के साथ-साथ प्रकृति और जनजातीय संस्कृति से जुड़े पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की है। इसके तहत होमस्टे, युवा महोत्सव, मोटरबाइक अभियान, कृषि पर्यटन और स्थानीय जनजातीय परंपराओं से जुड़े पर्यटन अनुभवों को बढ़ावा दिया जा रहा है। इस पहल की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि स्थानीय आदिवासी युवा केवल रोजगार पाने वाले नहीं, बल्कि पर्यटन गतिविधियों के संचालन और प्रबंधन में भी भागीदार बन रहे हैं। जशपुर के पांच युवाओं का अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण के लिए चयन न केवल जिले बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव की बात है। यह उपलब्धि बताती है कि सही मार्गदर्शन, प्रशिक्षण और अवसर मिलने पर जनजातीय अंचलों की प्रतिभाएं भी विश्व स्तर पर अपनी पहचान बना सकती हैं।
मुख्यमंत्री साय ने ली आदिवासी विकास प्राधिकरण की बैठक

