एनटीपीसी कोरबा का होगा विस्तार, 1600 मेगावाट बढ़ेगी उत्पादन क्षमता, जारी हुआ टेंडर

      Date:

      • स्टेज-4 परियोजना के तहत 800 मेगावाट की दो नई इकाइयां स्थापित करने की तैयारी, रेलवे साइडिंग के विस्तार के लिए विस्तृत अध्ययन कराने एनटीपीसी ने आमंत्रित की निविदा

      कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। एनटीपीसी कोरबा सुपर थर्मल पावर स्टेशन के विस्तार की तैयारी शुरू हो गई है। स्टेज-4 के तहत संयंत्र में 800 मेगावाट क्षमता वाली दो नई विद्युत उत्पादन इकाइयां स्थापित की जाएंगी। इससे एनटीपीसी कोरबा की कुल उत्पादन क्षमता में 1600 मेगावाट की वृद्धि होगी। प्रस्तावित विस्तार के बाद संयंत्र की स्थापित क्षमता वर्तमान 2600 मेगावाट से बढ़कर 4200 मेगावाट हो जाएगी।

          जानकारी के मुताबिक, स्टेज-4 परियोजना के लिए रेलवे साइडिंग के आधारभूत ढांचे के विस्तार की योजना पर काम शुरू कर दिया गया है। एनटीपीसी ने इस संबंध में विस्तृत व्यवहार्यता अध्ययन कराने के लिए निविदा आमंत्रित की है। प्रस्तावित अध्ययन में रेलवे साइडिंग के विस्तार की संभावनाओं के साथ ओवरहेड इलेक्ट्रिफिकेशन (ओएचई) तथा सिग्नलिंग एवं टेलीकम्युनिकेशन (एसएंडटी) प्रणालियों का भी परीक्षण किया जाएगा। इसके माध्यम से परियोजना के लिए आवश्यक रेलवे सुविधाओं और संबंधित तकनीकी व्यवस्थाओं की व्यवहार्यता का आकलन किया जाएगा। सूत्रों के अनुसार, 800 मेगावाट क्षमता वाली दोनों नई इकाइयां एडवांस अल्ट्रा सुपरक्रिटिकल तकनीक पर आधारित होंगी। हालांकि, विस्तार परियोजना की कुल लागत कितनी होगी, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

          तीन साल से चल रही थी चर्चा

          एनटीपीसी कोरबा में 800 मेगावाट क्षमता की नई इकाई स्थापित करने को लेकर करीब तीन वर्षों से चर्चा चल रही थी। उस समय लगभग 15 हजार करोड़ रुपये की लागत से भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (भेल) के सहयोग से इकाई स्थापित करने की योजना बनाई गई थी। हालांकि, बाद में यह प्रस्ताव ठंडे बस्ते में चला गया था। अब 800 मेगावाट क्षमता की दो नई इकाइयां स्थापित करने की तैयारी शुरू होने से विस्तार परियोजना को लेकर नई संभावनाएं सामने आई हैं।

          वर्तमान में 2600 मेगावाट उत्पादन क्षमता

          एनटीपीसी कोरबा सुपर थर्मल पावर स्टेशन की वर्तमान स्थापित विद्युत उत्पादन क्षमता 2600 मेगावाट है। संयंत्र में 200 मेगावाट क्षमता की तीन तथा 500 मेगावाट क्षमता की चार इकाइयां संचालित हैं। इस प्रकार यहां कुल सात इकाइयों से बिजली का उत्पादन किया जा रहा है। स्टेज-4 के तहत प्रस्तावित 1600 मेगावाट विस्तार के बाद संयंत्र की कुल स्थापित क्षमता बढ़कर 4200 मेगावाट हो जाएगी। इससे एनटीपीसी कोरबा देश के प्रमुख विद्युत उत्पादन केंद्रों में अपनी भूमिका और मजबूत कर सकेगा। संयंत्र को कोयले की आपूर्ति साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) की खदानों से होती है। नई इकाइयों के लिए रेलवे साइडिंग और उससे जुड़ी तकनीकी सुविधाओं का विस्तार भी महत्वपूर्ण होगा। फिलहाल रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर के विस्तृत अध्ययन के लिए निविदा जारी होने के साथ ही एनटीपीसी कोरबा के स्टेज-4 विस्तार की प्रक्रिया आगे बढ़ती दिखाई दे रही है।

          एनटीपीसी कोरबा ने बालिका सशक्तिकरण अभियान की सफलता का मनाया भव्य उत्सव

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related