53 गेंदों में जड़ा ऐतिहासिक दोहरा शतक
नई दिल्ली (एजेंसी)। भारतीय क्रिकेट के उभरते सितारे वैभव सूर्यवंशी ने यूएई के खिलाफ ऐतिहासिक दोहरा शतक लगाने के बाद अपनी शानदार पारी के पीछे का राज बताया है। 15 वर्षीय बल्लेबाज ने खुलासा किया कि पिछले कुछ मैचों में रन नहीं बनने के कारण वह काफी परेशान थे। ऐसे समय में पूर्व भारतीय क्रिकेटर युवराज सिंह की सलाह उनके लिए बेहद मददगार साबित हुई। युवराज ने करीब 30 मिनट तक उनसे बातचीत कर बल्लेबाजी की तकनीक और मानसिकता में सुधार के टिप्स दिए।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने बुधवार को वैभव का एक वीडियो साझा किया, जिसमें उन्होंने बताया कि युवराज सिंह से बातचीत के बाद उन्हें अपनी गलतियों का एहसास हुआ और उन्होंने मैदान पर अपना खेल बदलने की कोशिश की। वैभव ने बताया कि मैच से पहले उन्होंने अपने पिता, बचपन के कोच मनीष ओझा, दोस्त प्रथम जाचक और युवराज सिंह से बातचीत की थी। उन्होंने युवराज को अपनी बल्लेबाजी में आ रही परेशानियों के बारे में बताया। इस पर युवराज ने उन्हें सलाह दी कि यदि वह शुरुआती 20 गेंद क्रीज पर टिककर खेलते हैं, तो इसके बाद उनका स्कोर बिल्कुल अलग हो सकता है। युवराज ने उनकी तकनीकी कमियों को समझाया और उन्हें सुधारने के तरीके बताए। वैभव ने बाद में अपनी बल्लेबाजी का वीडियो देखा और उन गलतियों को समझने की कोशिश की, जिनकी ओर युवराज ने ध्यान दिलाया था।
लंबे प्रारूप की सोच से बाहर निकलकर बदला खेल
वैभव ने बताया कि पिछली दो पारियों में वह लंबे प्रारूप के हिसाब से बल्लेबाजी कर रहे थे। इस मुकाबले में भी शुरुआत में उनकी सोच वैसी ही थी, लेकिन जब गेंद बल्ले पर अच्छी तरह आने लगी तो उन्होंने आक्रामक अंदाज अपनाया और अपने खेल में बदलाव किया। उन्होंने कहा कि वह केवल एक प्रारूप के खिलाड़ी नहीं हैं। परिस्थितियों और मुकाबले की जरूरत के अनुसार अपनी बल्लेबाजी बदलने की क्षमता रखते हैं और तीनों प्रारूपों में खेलना चाहते हैं।
53 गेंदों में 204 रन बनाकर रचा इतिहास
वैभव सूर्यवंशी ने मंगलवार को यूएई के खिलाफ तूफानी बल्लेबाजी करते हुए महज 53 गेंदों में 204 रन की ऐतिहासिक पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 28 छक्के और 7 चौके लगाए। उनकी इस पारी ने क्रिकेट जगत का ध्यान अपनी ओर खींचा। यह क्रिकेट के किसी भी प्रारूप में सबसे तेज दोहरा शतक दर्ज किया गया। वैभव की ऐतिहासिक पारी के बाद युवराज सिंह ने सोशल मीडिया पर उनकी जमकर प्रशंसा की। उन्होंने वैभव की बल्लेबाजी को निडर बताते हुए कहा कि इतनी कम गेंदों में दोहरा शतक बनाना असाधारण उपलब्धि है। साथ ही उन्होंने वैभव को मेहनत जारी रखने और इस शानदार सफर का आनंद लेने की सलाह दी।

