बिलासपुर एयरपोर्ट के विकास के लिए सरकार ने किये हाथ खड़े, 300 करोड़ देने से किया इनकार, हाईकोर्ट ने दिखाई सख्ती

      Date:

      • 9 साल से 4सी श्रेणी में अपग्रेडेशन का इंतजार, हाईकोर्ट ने कहा- पुराने वादों से पीछे नहीं हट सकती सरकार, एयरपोर्ट अथॉरिटी को सौंपने पर करे विचार

          बिलासपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर एयरपोर्ट के विस्तार और सुविधाओं को बढ़ाने का मामला एक बार फिर सुर्खियों में है। पिछले नौ वर्षों से एयरपोर्ट को 4सी श्रेणी में विकसित करने का आश्वासन दे रही राज्य सरकार ने अब हाईकोर्ट में 300 करोड़ रुपये की राशि उपलब्ध नहीं होने की बात कही है। सरकार का कहना है कि एयरलाइन कंपनियां बड़े विमानों के संचालन और नियमित उड़ानों की गारंटी देंगी, तभी एयरपोर्ट के उन्नयन पर विचार किया जाएगा।

          बिलासपुर एयरपोर्ट

          सरकार के इस रुख पर छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने कड़ी नाराजगी जताई है। मुख्य न्यायाधीश कृष्णराम महापात्र और न्यायमूर्ति संतोष शर्मा की खंडपीठ ने कहा कि सरकार पहले शपथ पत्र देकर एयरपोर्ट के विकास का भरोसा दे चुकी है। ऐसे में अब पुराने आश्वासनों से पीछे नहीं हट सकती। कोर्ट ने यहां तक कहा कि यदि राज्य सरकार एयरपोर्ट का विकास नहीं करना चाहती तो इसे पूरी तरह भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) को सौंपने पर विचार करे। बिलासा एयरपोर्ट के उन्नयन और हवाई सुविधाओं के विस्तार की मांग को लेकर वर्ष 2017 से हाईकोर्ट में जनहित याचिकाओं पर सुनवाई जारी है। इस दौरान राज्य सरकार कई बार एयरपोर्ट के विकास और सुविधाएं बढ़ाने का भरोसा दे चुकी है। इसके बावजूद अब तक अपेक्षित काम पूरा नहीं हो पाया है। हालिया सुनवाई में सरकार ने 300 करोड़ रुपये की कमी का हवाला देते हुए अपना रुख स्पष्ट किया।

          यात्रियों की कमी और घाटे का दिया हवाला

          राज्य सरकार ने अदालत में दलील दी कि बिलासपुर एयरपोर्ट पर यात्रियों की संख्या कम होने के कारण आर्थिक घाटा हो रहा है। एयरपोर्ट को 4सी श्रेणी में विकसित करने के लिए लगभग 300 करोड़ रुपये की आवश्यकता है, लेकिन फिलहाल इतनी राशि उपलब्ध नहीं है। सरकार के मुताबिक, एयरलाइन कंपनियों से बड़े विमान और नियमित उड़ानें संचालित करने की गारंटी मिलने के बाद ही विकास कार्यों पर आगे निर्णय लिया जा सकता है। सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ताओं की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता आशीष श्रीवास्तव और अधिवक्ता सुदीप श्रीवास्तव ने सरकार की दलीलों का विरोध किया। उन्होंने अदालत को बताया कि रनवे विस्तार के लिए 63 करोड़ रुपये और नए हवाई यातायात नियंत्रण (एटीसी) टावर के निर्माण के लिए 40 करोड़ रुपये के प्रस्ताव पिछले पांच महीनों से मंत्रालय में लंबित हैं। अधिवक्ताओं के अनुसार, इन दोनों प्रस्तावों को मंजूरी मिल जाती है तो 103 करोड़ रुपये में ही 4सी श्रेणी के लिए आवश्यक आधे से अधिक काम पूरे किए जा सकते हैं।

          यात्रियों की संख्या के आंकड़ों से सरकार की दलील पर सवाल

          याचिकाकर्ताओं के अधिवक्ताओं ने यात्रियों की संख्या कम होने की सरकारी दलील को भी चुनौती दी। उन्होंने सरकार के पूर्व शपथ पत्र का हवाला देते हुए बताया कि वर्ष 2021 में करीब 22 हजार यात्रियों ने बिलासपुर एयरपोर्ट से यात्रा की थी। वहीं 2022, 2023, 2024 और 2025 में हर साल लगभग 35 से 36 हजार यात्रियों ने हवाई सफर किया। उनका कहना था कि वर्ष 2023 के बाद उड़ानों की संख्या कम हुई है। एयरपोर्ट का विस्तार और उड़ानों का संचालन नहीं बढ़ने से यात्रियों की संख्या भी प्रभावित हुई है।

          एएआई को अधूरी जानकारी भेजने पर भी सवाल

          सुनवाई के दौरान एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया को जमीन से संबंधित पूरी जानकारी नहीं भेजे जाने का मुद्दा भी उठा। एएआई ने 12 अक्टूबर 2026 को ई-मेल के माध्यम से एयरपोर्ट की जमीन का क्षेत्रफल, स्वामित्व, विवादों और रनवे की लंबाई सहित अन्य जानकारियां मांगी थीं। सरकार ने बताया कि 2 नवंबर को जानकारी भेज दी गई है। हालांकि, दस्तावेजों की जांच में हाईकोर्ट ने पाया कि जमीन से जुड़ी पूरी जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई है। इस पर सरकार ने शेष जानकारी तत्काल भेजने और शपथ पत्र दाखिल करने का भरोसा दिया।

          21 दिसंबर को होगी अगली सुनवाई

          हाईकोर्ट ने राज्य सरकार और भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण दोनों से एयरपोर्ट के विकास एवं संचालन की जिम्मेदारी को लेकर अपना रुख स्पष्ट करने को कहा है। अदालत ने सरकार को पुराने आश्वासनों की याद दिलाते हुए विकास कार्यों पर गंभीरता दिखाने की बात कही। मामले की अगली सुनवाई 21 दिसंबर को निर्धारित की गई है। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि बिलासपुर एयरपोर्ट के भविष्य और विस्तार को लेकर सरकार क्या निर्णय लेती है।

          बिलासपुर एयरपोर्ट का संचालन AAI को सौंपने की तैयारी, हाईकोर्ट ने जल्द निर्णय के दिए निर्देश

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related