खाट से गिरने की झूठी कहानी सुनाकर परिजनों को किया गुमराह, बहन के संदेह पर पुलिस ने निकलवाया शव, पोस्टमॉर्टम में हत्या की पुष्टि
जशपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। पत्नी को दूसरे व्यक्ति के साथ आपत्तिजनक हालत में देखने के बाद पति ने गुस्से में आकर कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने परिजनों को गुमराह करने के लिए पत्नी के खाट से गिरने और सिर में चोट लगने से मौत होने की कहानी सुना दी। परिजनों ने उसकी बात पर भरोसा कर शव को दफना दिया। हालांकि, मृतका की बहन को मौत की परिस्थितियों पर संदेह हुआ। उसकी शिकायत पर पुलिस ने कब्र खुदवाकर शव बाहर निकलवाया। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, मृतका पार्वती बाई (52) की शादी ग्राम खजूरबहार के चौहानपारा निवासी मुखलाल राम उर्फ सुखलाल राम (62) से हुई थी। 6 नवंबर 2026 को शाम करीब 5 बजे मृतका की बहू ने उसकी छोटी बहन सीता बाई को फोन कर मौत की सूचना दी। अगले दिन सीता बाई गांव पहुंची तो घर के कमरे में बड़ी बहन का शव मिला। उसके सिर और माथे पर चोट के निशान थे तथा खून निकला हुआ था। इस पर पति मुखलाल राम ने बताया कि पार्वती बाई खाट से गिर गई थी, जिससे सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौत हो गई। आरोपी की बात पर विश्वास करते हुए परिजनों और समाज के लोगों ने 7 नवंबर को शव दफना दिया।
बहन के संदेह ने खोला हत्या का राज
कुछ दिनों बाद सीता बाई को बहन की मौत की परिस्थितियों पर संदेह होने लगा। उन्हें आशंका थी कि पार्वती बाई की स्वाभाविक मौत नहीं हुई, बल्कि उसकी हत्या की गई है। इसके बाद 20 नवंबर को उन्होंने कुनकुरी थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। शिकायत के बाद पुलिस ने वैधानिक प्रक्रिया के तहत जांच शुरू की। गवाहों के बयान दर्ज किए गए और कब्र से शव निकलवाकर पोस्टमॉर्टम कराया गया। चिकित्सकों की प्रारंभिक रिपोर्ट में मौत की प्रकृति हत्यात्मक बताई गई। इसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी।
कुल्हाड़ी से सिर, माथे और सीने पर किए वार
पुलिस पूछताछ में आरोपी मुखलाल राम ने बताया कि वह पत्नी के चरित्र पर संदेह करता था। 6 नवंबर को दोपहर करीब 12:30 से 1 बजे के बीच उसने पत्नी को किसी दूसरे व्यक्ति के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था। इसी बात से गुस्से में आकर उसने घर में रखी कुल्हाड़ी के पिछले हिस्से से पत्नी के सिर, माथे और सीने पर दो-तीन वार कर दिए। गंभीर चोटों के कारण पार्वती बाई की मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी ने खुद को बचाने के लिए पत्नी के खाट से गिरने की झूठी कहानी गढ़ी थी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) और 238(क) के तहत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

