संविधान की मूल भावना, महिला आरक्षण और ओबीसी आरक्षण पर रखे विचार; आपातकाल और पुराने संविधान संशोधनों का भी किया उल्लेख, 2047 तक विकसित भारत बनाने का आह्वान
नई दिल्ली (एजेंसी)। देशभर में आज 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जा रहा है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक लेख लिखकर भारतीय संविधान की महत्ता, उसकी मूल भावना और देश के विकास में उसकी भूमिका पर अपने विचार रखे। उन्होंने संविधान सभा के सदस्यों, देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद और संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर को नमन किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि संविधान का प्रभाव केवल संसद और अदालतों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि आम नागरिकों के जीवन में भी इसकी गहरी पहुंच होनी चाहिए। प्रधानमंत्री ने अपने लेख में युवाओं से संविधान की मूल भावना को समझने और अधिकारों के साथ अपने कर्तव्यों के प्रति भी सजग रहने की अपील की। वहीं, आपातकाल, संविधान संशोधनों, ओबीसी आरक्षण और महिला आरक्षण जैसे मुद्दों पर विपक्ष को घेरा।
संविधान को बताया भारत की सभ्यतागत विरासत और आधुनिक लोकतंत्र का आधार
पीएम मोदी ने डॉ. राजेंद्र प्रसाद, डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर और संविधान सभा के सभी सदस्यों को याद किया। उन्होंने कहा कि संविधान निर्माताओं ने भारत की समृद्ध परंपराओं और सभ्यतागत ज्ञान को आधार बनाकर आधुनिक संविधान तैयार किया। संविधान को आम लोगों, खासकर युवाओं के बीच लोकप्रिय बनाने के उद्देश्य से सरकार ने वर्ष 2015 से 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत की।
सामान्य परिवार में जन्मे व्यक्ति को भी मिला देश की सेवा का अवसर
प्रधानमंत्री ने अपने बचपन और सामान्य आर्थिक पृष्ठभूमि का जिक्र करते हुए कहा कि संविधान ने देश के हर नागरिक को आगे बढ़ने का अवसर दिया है। उन्होंने कहा कि इसी संवैधानिक व्यवस्था के कारण उनके जैसे सामान्य परिवार में जन्मे व्यक्ति को दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र की सेवा करने की जिम्मेदारी मिल सकी।
सरकारी योजनाओं को सामाजिक और आर्थिक न्याय से जोड़ा
पीएम मोदी ने विश्व बैंक की रिपोर्ट का हवाला देते हुए दावा किया कि 50 करोड़ भारतीय गरीबी से बाहर आए हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, मुद्रा योजना, पीएम स्वनिधि और यूपीआई जैसी पहलों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के माध्यम से संविधान में किए गए सामाजिक और आर्थिक न्याय के वादे को पूरा करने की दिशा में काम किया जा रहा है।
तीन महत्वपूर्ण संविधान संशोधनों का किया उल्लेख
प्रधानमंत्री ने तीन महत्वपूर्ण संविधान संशोधनों का जिक्र करते हुए इन्हें लंबे समय से चली आ रही मांगों को पूरा करने वाला बताया।
101वां संविधान संशोधन: वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) लागू करने का संवैधानिक आधार तैयार हुआ।
102वां संविधान संशोधन: राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा मिला।
103वां संविधान संशोधन: आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए 10 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया गया।
संविधान को आम लोगों के और करीब लाने की बात
पीएम मोदी ने कहा कि संविधान को देश के नागरिकों तक पहुंचाने के लिए कई कदम उठाए गए हैं। उन्होंने संविधान को आठवीं अनुसूची की सभी 22 भाषाओं में उपलब्ध कराने और भारतीय न्याय संहिता के जरिए औपनिवेशिक दौर के कानूनों में बदलाव का उल्लेख किया। उनके मुताबिक, इसका उद्देश्य दंड केंद्रित व्यवस्था से नागरिक केंद्रित न्याय व्यवस्था की ओर बढ़ना है।
आपातकाल और पुराने संविधान संशोधनों पर विपक्ष को घेरा
प्रधानमंत्री ने अपने लेख में पहले संविधान संशोधन और 42वें संविधान संशोधन का जिक्र करते हुए कहा कि इनके जरिए मौलिक स्वतंत्रताओं और न्यायिक समीक्षा की व्यवस्था प्रभावित हुई। उन्होंने युवाओं से 38वें और 39वें संविधान संशोधनों का अध्ययन करने की अपील की, ताकि वे समझ सकें कि सत्ता का दुरुपयोग किस तरह संवैधानिक संस्थाओं को प्रभावित कर सकता है। उन्होंने अनुच्छेद 356 के इस्तेमाल को लेकर भी विपक्षी दल पर निशाना साधा। पीएम मोदी ने आरोप लगाया कि एक पार्टी ने लगभग 100 बार इस अनुच्छेद का इस्तेमाल कर निर्वाचित राज्य सरकारों को बर्खास्त किया और एक प्रधानमंत्री ने 50 से अधिक बार ऐसा किया।
अनुच्छेद 370 और नक्सलवाद का किया जिक्र
पीएम मोदी ने वर्ष 2019 में अनुच्छेद 370 और 35ए में किए गए बदलावों का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे जम्मू-कश्मीर में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, ओबीसी और महिलाओं को अधिकारों का लाभ मिलने का रास्ता खुला। उन्होंने नक्सलवाद के खिलाफ कार्रवाई का भी जिक्र किया और कहा कि इससे प्रभावित इलाकों के गरीब नागरिकों को अपने अधिकारों का इस्तेमाल करने का अवसर मिला है।
ओबीसी आरक्षण और महिला आरक्षण पर विपक्ष को घेरा
प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि देश की सबसे बड़ी विपक्षी पार्टी ओबीसी आरक्षण का हिस्सा कम करके मुस्लिम आरक्षण लागू करना चाहती है। उन्होंने कहा कि संविधान निर्माताओं ने धर्म के आधार पर आरक्षण का समर्थन नहीं किया था। महिला आरक्षण के मुद्दे पर पीएम मोदी ने संविधान निर्माण में महिलाओं के योगदान को याद किया और महिला आरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने विपक्ष पर महिला आरक्षण विधेयक का विरोध करने का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रमुख विपक्षी दल अब ‘विरोध पक्ष’ के बजाय ‘अवरोध पक्ष’ बन गया है।
2047 तक विकसित भारत के लिए ‘इंडिया फर्स्ट’ और कर्तव्य पर जोर
प्रधानमंत्री ने नागरिकों से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने और अपने संवैधानिक कर्तव्यों का पालन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सोच में ‘इंडिया फर्स्ट’ और काम में कर्तव्य का भाव होना चाहिए। उनके मुताबिक, इन्हीं मूल्यों के आधार पर वर्ष 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
26 नवंबर 1949 को अपनाया गया था भारतीय संविधान
संविधान दिवस प्रत्येक वर्ष 26 नवंबर को मनाया जाता है। इसी दिन वर्ष 1949 में संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अपनाया था। इसके बाद 26 जनवरी 1950 को संविधान लागू हुआ और भारत गणराज्य बना। वर्ष 2015 से केंद्र सरकार ने 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत की। इसका उद्देश्य नागरिकों को संविधान के महत्व, मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना है।

